scriptMP election voting: रीवा जिले में 66% मतदान, सबसे ज्यादा 69% त्योंथर में | MP election voting: rewa jila me 66 pratishat matdan | Patrika News

MP election voting: रीवा जिले में 66% मतदान, सबसे ज्यादा 69% त्योंथर में

locationरीवाPublished: Nov 29, 2018 03:10:39 pm

Submitted by:

suresh mishra

MP election voting: रीवा जिले में 66% मतदान, सबसे ज्यादा 69% त्योंथर में

voting

MP election voting: rewa jila me 66 pratishat matdan

रीवा। विधानसभा चुनाव में जिले में बुधवार शाम 5 बजे तक 66.53 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे ज्यादा त्योंथर विधानसभा सीट पर 69 प्रतिशत और सबसे कम गुढ़ और मऊगंज में 64 फीसदी वोटिंग हुई है। कुल 1928121 मतदाताओं में से 1083112 मतदाताओं ने वोट डाला। जिले में मतदान में महिलाएं आगे रहीं। 67 प्रतिशत ने वोट तो पुरुषों का वोटिंग प्रतिशत 66 रहा। देर रात आंकड़े आने के बाद माना जा रहा है कि वोटिंग प्रतिशत कुछ और बढ़ सकता है। जिले में कुछ स्थानों पर इवीएम में तकनीकी खराबी और छिटपुट कहासुनी की घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
झड़प जैसी घटना सामने नहीं आई
किसी भी सीट पर हिंसा या फिर झड़प जैसी घटना सामने नहीं आई है। जिला निर्वाचन अधिकारी सहित पुलिस के कई बड़े अधिकारी सुबह से ही क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। कई पोलिंग बूथ में तकनीकी खराबी या फिर धीमी गति से मतदान होने की वजह से देर शाम तक लाइनें लगी रहीं। बताया गया है कि मनगवां में 66 प्रतिशत, त्योंथर में 69 प्रतिशत, सिरमौर में 66 प्रतिशत, मऊगंज में 64 प्रतिशत, रीवा में 67, सेमरिया में 66 एवं गुढ़ में 64 प्रतिशत मतदान हुआ।
लोगों की लंबी कतार
रीवा शहर सहित अन्य ग्रामीण अंचल की सीटों पर कई स्थानों में सुबह निर्धारित समय आठ बजे वोटिंग प्रारंभ नहीं हो पाई। सबसे पहले वोट डालने के लिए पहुंचे लोगों की लंबी कतारें लग गई थी। पहली बार वोट डालने आए मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया तो वहीं बुजुर्ग एवं दिव्यांगों ने भी मतदान में अपनी हिस्सेदारी निभाई। मऊगंज में सपाक्स के प्रत्याशी राममणि शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका नाम वेलेट पेपर में गलत लिखा गया है।
चुनाव निरस्त करने की मांग
राममणि की जगह राजमणि लिखा गया है। उन्होंने चुनाव निरस्त करने की मांग उठाई थी। जिला निर्वाचन कार्यालय ने जांच के बाद कहा कि प्रत्याशी ने शपथ पत्र में जो नाम लिखा था, वही दर्ज है। वोटिंग के बाद भाजपा, कांग्रेस, बसपा और सपा ने जीत का दावा किया है। प्रत्याशी भी हार-जीत का हिसाब लगा रहे हैं। सायं छह बजे से इंजीनियरिंग कॉलेज में इवीएम जमा करने पोलिंग पार्टियां पहुंचने लगी हैं।
सड़क और बिजली को लेकर किया चुनाव बहिष्कार
सड़क और बिजली की समस्या को लेकर उकठा कंचनपुर पंचायत के पैपखरा में ग्रामीणों ने मतदान का बष्हिकार किया। सुबह से शाम तक बूथ के सामने ग्रामीण खड़े रहे लेकिन मतदान नहीं किया। दोपहर तक एक भी वोट नहीं पड़े थे। तहसीलदार ने समझाइश दी। कुछ पर दबाव बना अधिकारियों ने वोटिंग कराई, महज 17 लोगों ने वोट डाला, जबकि यहां पर 488 वोटर पोलिंग बूथ-5 में दर्ज हैं। बताया गया है कि विंध्य विकास प्राधिकरण की मद से सड़क बनाई जा रही थी, अधूरे निर्माण के बाद ही राशि आहरित कर ली गईऔर काम रोक दिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन को जानकारी दी थी।
भाजपा के अलावा सभी बटन खराब
मऊगंज के पकरा में सुबह 11 बजे इवीएम में खराबी आ गई। मतदाताओं ने वोट न पडऩे की शिकायतकी। जांच में पता चला कि भाजपा की बटन काम कर रही, अन्य खराब हैं। 211 वोट पड़े थे। बाद में इवीएम ही बदल दिया गया।
आठ सीटों में से छह पर जीत निश्चित है। इनमें रीवा, त्योंथर, मऊगंज, देवतालाब, मनगवां, गुढ़ है। वहीं सेमरिया व सिरमौर में संभावना प्रबल है।
विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष भाजपा

सभी सीटों में भाजपा से सीधा मुकाबला है। जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। लेकिन इवीएम में गड़बड़ी शिकायतें आई हैं, कुछ नहीं कह सकते।
राकेश तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी
सिरमौर, सेमरिया, त्योथर, मऊगंज व देवतालाब में हम जीत के करीब हैं। बसपा के पक्ष में वोटिंग प्रतिशत बढ़ा है। तीन सीटों पर भी अच्छे मत मिले हैं।
अच्छेलाल निराला, जिलाध्यक्ष बसपा

5 सीटों पर पार्टी ने प्रत्याशी खड़ा किया था। गुढ़ में जीत तय मानकर चल रहे हैं। सिरमौर में कड़ी चुनौती दे रहे हैं। शेष सीटों पर सपा का वोटिंग प्रतिशत बढ़ा है।
अजय शुक्ला, जिलाअध्यक्ष सपा
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो