रीवा

मां से मारपीट कर रहे बेटे को रोकने आए वृद्ध को हथौड़े से किया लहूलुहान, फिर जानिए क्या हुआ

कलयुगी पुत्र के हमले का शिकार बने वृद्ध ने अस्पताल में दमतोड़ दिया। घटना से पूरा परिवार सदमे में

रीवाFeb 23, 2018 / 08:47 pm

Shivshankar pandey

Murder news

रीवा. कलयुगी पुत्र के हमले का शिकार बने वृद्ध ने अस्पताल में दमतोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। सिरमौर कस्बा निवासी त्रिवेणी प्रसाद नामदेव 70 वर्ष के ऊपर 19 फरवरी को पुत्र अभिलाष नामदेव ने हमला किया था। आरोपी अपनी मां कुसुम के साथ मारपीट कर रहा था। जब पिता बीचबचाव करने आया तो आरोपी ने उस पर हथौड़े से हमला कर दिया। हथौड़ा आरोपी ने सिर में मार दिया जिससे वृद्ध खून से लथपथ हालत में वहीं गिर पड़ा।
घटना में दंपति हो गए थे घायल
घटना में दोनों लोग घायल हो गये। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई जिसने घायल दंपति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा। संजय गांधी अस्पताल में चार दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद पिता ने दमतोड़ दिय। घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार की सुबह सिरमौर पुलिस रीवा पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने वृद्ध की मौत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुत्र के इस करतूत से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद किया है जिसे वह ट्रैक्टर में छिपाकर रखे था। घटना में घर का मुखिया असमय काल के गाल में समा गया तो जवान बेटा पुलिस का मुलजिम बन गया। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

पत्नी से चल रहा था विवाद
आरोपी का पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। वह आए दिन पत्नी के साथ विवाद करता था। घटना दिनांक की रात वह ट्रैक्टर चलाकर वापस घर लौटा था। उसने मां से पत्नी के बारे में पूंछा तो मां ने जानकारी होने से इंकार कर दिया। इस बात से बौखलाया आरोपी मां को पीटने लगा और बीचबचाव करने पर पिता पर भी हमला कर दिया। आरोपी पत्नी पर संदेह करता था और जिसको लेकर अक्सर उसके साथ झगड़ा करता था।
 

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
वृद्ध के साथ पुत्र ने मारपीट की थी जिसमें हत्या के प्रयास का मामला दर्ज था। गुरुवार की रात वृद्ध की मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा बढ़ाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
रविकांत डेहरिया, थाना प्रभारी सिरमौर

Home / Rewa / मां से मारपीट कर रहे बेटे को रोकने आए वृद्ध को हथौड़े से किया लहूलुहान, फिर जानिए क्या हुआ

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.