scriptअनुकंपा नियुक्ति और प्रेमी की चाहत ने बना दिया कातिल | murder news rewa | Patrika News

अनुकंपा नियुक्ति और प्रेमी की चाहत ने बना दिया कातिल

locationरीवाPublished: Jun 20, 2019 01:51:43 am

Submitted by:

Balmukund Dwivedi

विवि कर्मचारी हत्या का पुलिस ने किया पर्दाफाश, पूछताछ जारी

Blind Murder case

Blind Murder case

रीवा. महिला को अनुकंपा नियुक्ति और प्रेमी की चाहत ने कातिल बना दिया। दरअसल महिला को विश्वास था कि पति के रास्ते से हटने के बाद उसको विवि में अनुकंपा नियुक्ति मिल जायेगी और वह आसानी से प्रेमी के साथ रह सकेगी। उसके बाद उसे टोंकने वाला कोई नहीं रहेगा। महिला ने इसी उम्मीद से पति की हत्या की लेकिन पुलिस की नजरों से नहीं बच पार्ई। बात विवि कर्मचारी की गला घोंटकर निर्मम हत्या की कर रहे हैं, साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस खौफनाक साजिश को कर्मचारी की दूसरी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी, जिसे बड़ी सफाई से अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछतांछ की जा रही है। हत्या का रहस्य सामने आने के बाद परिवार के भी होश उड़े हुए हंै। विवि कर्मचारी रामसुमिरन साकेत निवासी कैलाशपुरी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी जिनका शव 8 जून को विवि परिसर स्थित मैदान में बरामद हुआ था। पुलिस ने घटना की जांच शुरू की तो परिवार के बेहद करीबी सोहेल खान निवासी छतरपुर पर पुलिस के शक की सुई अटक गई। वह घटना दिनांक के तीन दिन पूर्व रीवा आया हुआ था और घटना के बाद लापता हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच वह बीते मंगलवार को पुन: रीवा आया हुआ था जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन बाद में उसने कर्मचारी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। हत्या की साजिश रचने में मृतक की पत्नी आशा साकेत भी शामिल थी। पति उनके प्रेम के बीच रोड़ा बन गया था, जिन्होंने उसको रास्ते से हटाने खौफनाक साजिश रच डाली। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया।
छतरपुर से थी जान पहचान
उक्त महिला का युवक से छतरपुर से ही जान-पहचान थी। महिला शादी से पहले पिता के साथ छतरपुर में रहती थी जहां उसकी युवक से पहचान हुई थी। शादी के बाद महिला रीवा आ गई लेकिन उसका प्रेम प्रसंग जारी रहा। प्रेमी अक्सर रीवा आता था और उसके घर में ही रुकता था। प्रारंभ में तो पति को उनके बीच चल रहे खेल की जानकारी नहीं हुई लेकिन जब उसे शक हुआ तो उसने युवक को घर आने से मना किया। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
हत्या के तीन दिन पूर्व युवक छतरपुर से रीवा आया था। उसके आते ही कर्मचारी का पत्नी से विवाद शुरू हो गया और वह उसे घर से भगाने की जिद कर रहा था। जब पत्नी को यकीन हो गया कि अब पति, उसके प्रेमी से नहीं मिलने देगा तो उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। घटना दिनांक को प्रेमी उसे बातचीत करने के लिए अपने साथ ले गया था जहां उसको मैदान में बैठाकर शराब पिलाई। जब वह नशे में चूर हो गया तो उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह वापस घर आ गया और सुबह पत्नी के साथ उसे ढूंढने का नाटक करने लगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो