scriptनेशनल अचीवमेंट टेस्ट की तैयारियां कमजोर होने से कक्षाओं का समय बढ़ा | National achievement survey 2021 rewa mp | Patrika News

नेशनल अचीवमेंट टेस्ट की तैयारियां कमजोर होने से कक्षाओं का समय बढ़ा

locationरीवाPublished: Oct 28, 2021 11:15:46 am

Submitted by:

Mrigendra Singh

– 12 नवंबर को होने वाले इस टेस्ट में व्यापक रूप से तैयारियां करने का निर्देश- कक्षा 3-5 एवं आठ के साथ दसवीं के छात्रों को परीक्षा में शामिल कराने के लिए किया जा रहा है तैयार


रीवा। नेशनल अचीवमेंट सर्वे को लेकर शासन व्यापक रूप से तैयारियां कर रहा है, वहीं स्कूलों की हालत खराब है। यहां तैयारियों के नाम पर केवल खानापूर्ति चल रही है। प्राथमिक आंकलन के बाद शासन ने तैयारियों के लिए और समय दिया है। अब कक्षाओं का समय बढ़ाया गया है, जिसके चलते छात्रों को अतिरिक्त कक्षाओं के जरिए परीक्षा के हिसाब से तैयार किया जाएगा। स्कूलों के लिए नया प्लान तैयार किया गया है। इसके लिए खासतौर पर सुबह से शाम तक कक्षाएं लगाई जाएंगी। कमजोर फीडबैक के बाद यह फैसला लिया गया है। कक्षा तीन, पांच और आठवीं के विद्यार्थियों की दक्षता जांचने नेशनल अचीवमेंट सर्वे 12 नवंबर को होगा जिसके लिए स्कूलों में पुख्ता तैयारी की जा रही है।
रीवा सहित प्रदेश भर में स्कूलों में अभी तक डेढ़ घंटे तक विशेष कक्षाएं लग रही थीं, पर स्कूलों से मिले कमजोर फीडबैक के बाद अब इन कक्षाओं का समय चार घंटे किया गया है। स्कूलों में अभी मॉक टेस्ट, अभ्यास राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा कराया जा रहा है। अभी तक के फीडबैक में स्थिति बहुत बेहतर नहीं है। इससे शिक्षा विभाग और अधिकारी कुछ चिंतित बताए जाते हैं। हालांकि इसकी प्रमुख वजह डेढ़ साल से स्कूलों का बंद होना और बच्चों को जनरल प्रमोशन मिलना भी है। बहरहाल, राज्य शिक्षा केंद्र ने अब सात नवंबर तक इन विशेष कक्षाओं के समय में बढ़ोतरी की है. बता दें कि नेशनल अचीवमेंट सर्वे में इस साल टॉप-10 राज्यों में आने की कवायद की जा रही है।
—-
सुबह से शाम तक कक्षाओं का प्लान
नए तैयारी शेड्यूल के अनुसार सुबह 10.30 से 11.15 तक बच्चों को नेशनल अचीवमेंट सर्वे के लिए तैयार किए गए पाठों को पढ़ाया जाना है। सुबह 11.15 से 12.15 तक का समय अभ्यास के लिए है। 11.45 से 2.30 बजे तक विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया जाएगा। 2.30 बजे के बाद का समय दक्षता उन्नयन संबंधी कार्य के लिए तय किया गया है।
—-
कितने छात्र परीक्षा में शामिल होंगे तय नहीं
नेशनल अचीवमेंट सर्वे में किन स्कूलों का चयन किया जाना है, अभी तय नहीं है। इसके लिए स्कूलों का नाम शासन के स्तर पर तय होगा। जिला स्तर पर तैयारियां सभी स्कूलों में कराई जा रही हैं। रेंडम चयन होना है, इसलिए हर स्कूल में विशेष कक्षाएं लगाई जा रही हैं। हर स्कूल से एक कक्षा के एक सेक्शन के छात्रों की परीक्षा होगी। जिसमें केवल ३० छात्र ही परीक्षा में शामिल हो पाएंगे।
—–
आज होगा माक टेस्ट
जिले भर के स्कूलों में 28 अक्टूबर को नेशनल अचीवमेंट सर्वे के लिए माक टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियां पहले से ही की गई हैं। जिला शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिन्होंने जिले में 300 फील्ड इंवेस्टिगेटर नियुक्त कर दिए हैं। माक टेस्ट में यह सभी लोग स्कूलों में पहुंचेंगे।
—-

नेशनल अचीवमेंट सर्वे की तिथि १२ नवंबर को निर्धारित की गई है। इसकी तैयारियां चल रही हैं। अब शासन ने विशेष कक्षाओं के लिए समय बढ़ा दिया है। किन स्कूलों के कितने बच्चो इसमें शामिल होंगे यह शासन के स्तर से तय होगा।
गंगा प्रसाद उपाध्याय, जिला शिक्षा अधिकारी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो