script

रीवा में कोरोना जैसी आपदा के वक्त सेवा में जुटे संगठन, पहुंचा रहे भोजन

locationरीवाPublished: Apr 06, 2020 10:52:10 pm

Submitted by:

Mrigendra Singh

– शहर में लॉकडाउन के चलते कई परिवारों को भोजन कर रहा है सामाजिक संगठनों के लोग

rewa

Organizing service, delivering food in times of disaster like corona in Rewa


रीवा। शहर में लॉकडाउन के चलते कई परिवार ऐसे हैं जिनके सामने भोजन जुटाने का संकट हो गया है। ऐसे लोगों के लिए कई सामाजिक संगठनों ने आगे बढ़कर हिस्सेदारी की है। बीते २२ मार्च से शहर में लॉकडाउन है, तब से लगातार श्रमिकों एवं गरीबों के परिवार को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसमें संगठनों की ओर से कोरोना के उन कर्मवीरों को भी मदद पहुंचाई जा रही है जो अपनी जान पर खेलकर लोगों की मदद में जुटे हुए हैं। खासतौर पर पुलिस एवं सफाई सेवा में जुटे कर्मियों को भोजन एवं नास्ते की कई जगह व्यवस्थाएं की गई हैं।

– आरएसएस के 55 कार्यकर्ता दे रहे सेवाएं
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं केशव सेवा भारती की ओर से 55 वालेंटियर सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही 16 लोग मास्क बनाने में लगे हैं जो अब करीब 4500 से अधिक की संख्या में मास्क शहर में वितरित भी कर चुके हैं। इनकी ओर से सुरक्षा कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, स्वच्छता कर्मियों को उनके कर्तव्य स्थल पर ही पानी, चाय एवं भोजन पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्थानीय चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों के परिजनों को चाय, जल एवं भोजन की सुविधा भी दी जा रही है। गरीब बस्तियों में भोजन के साथ ही मास्क भी वितरित किया जा रहा है। वहीं जेलमार्ग सरस्वती स्कूल में भोजन की व्यवस्था की गई है जहां पर लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

– शिवबारात आयोजन समिति का बड़े पैमाने पर सेवा कार्य
शहर के सभी प्रमुख हिस्सों तक भोजन एवं कपड़े के मास्क पहुंचाने का कार्य शिव बारात आयोजन समिति की ओर से किया जा रहा है। करीब दो दर्जन ऐसे चिन्हित स्थान हैं जहां पर हर दिन समिति की ओर से भोजन के पैकेट पहुंचाए जा रहे हैं। संयोजक मनीष गुप्ता ने बताया कि करीब १०० से अधिक की संख्या में महिलाएं और पुरुष भोजन पकाने और वितरित करने के साथ ही मास्क तैयार कर वितरित करने के कार्य में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि जहां से भी सूचनाएं प्रशासन एवं अन्य माध्यमों से आ रही है, वहां पर सीधे राहत पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। हर दिन करीब दो हजार से अधिक की संख्या में भोजन के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं।
rewa
MrigendraSingh IMAGE CREDIT: patrika
– भगवती मानव कल्याण संगठन भी जुटा
भगवती मानव कल्याण संगठन की जिला इकाई की तरफ से गरीब बस्तियों के साथ ही उन जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है जो लॉकडाउन की वजह से शहर में फंसे हुए हैं। इस संगठन ने भी मास्क वितरण का कार्य प्रारंभ किया है। जिसमें मुख्य रूप से रोहित द्विवेदी, शिवेन्द्र द्विवेदी, कृष्णेन्द्र शर्मा, राजेंद्र शर्मा, राहुल द्विवेदी सहित अन्य सेवाएं दे रहे हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो