रीवा

कुशल संगठनकर्ता थे पं. दीनदयाल उपाध्याय

सेवा संकल्प के साथ मनाई गई पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती

रीवाSep 25, 2019 / 09:23 pm

Mahesh Singh

Pandit Deendayal Upadhyay was a skilled organizer

रीवा. एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की 103वीं जयंती भाजपा द्वारा रीवा जिले के सभी मतदान केन्द्रों में सेवा संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिलेभर में सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।
पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, सांसद जर्नादन मिश्रा, संभागीय संगठन मंत्री जितेन्द्र लिटोरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष विद्या प्रकाश श्रीवास्तव ने अस्पताल चौराहा स्थित पं.दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आसपास के क्षेत्र की सफाई की। पूर्व मंत्री शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि पं.दीनदयाल उपाध्याय भारतीय राजनीति के राष्ट्र ऋषि थे, उन्होंने एकात्म मानववाद का भारतीय मौलिक चिंतन दिया। वे एक कुशल संगठनकर्ता और राजनीति के लिए आदर्श पुरुष थे। सांसद जर्नादन मिश्र ने कहा कि उन्होंने पूरा जीवन भारत माता की सेवा और जनता की सेवा के लिए समर्पित किया।
महापुरुषों के प्रतिमाओं की सफाई
भाजपा द्वारा पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर सांसद जर्नादन मिश्र की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर में लगी सभी महापुरुषों के प्रतिमाओं व स्थल की सफाई की। अस्पताल परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जिला चिकित्सालय में भाजपा के पितृ पुरुष कुशाभाउ ठाकरे, लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल, भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, सुभाष चन्द्र बोस, स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा स्थल की सफाई की गई।
छात्रों को वितरित की शिक्षण सामग्री
स्नेह मंद बुद्धि एवं मूक बधिर विद्यालय लखौरी बाग में पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिंह मुख्य अतिथि रहे। कार्यकम में उन्होनें देश व सामाजिक उत्थान में पं.दीनदयाल की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस दौरान विशिष्ट अतिथि गुलाम हसन व धनवान साहू रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष राम सेवक साहू ने की। इस दौरान बच्चों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.