scriptरीवा के लोग प्रदेश का सबसे महंगा खरीद रहे पेट्रोल, हर वर्ग प्रभावित | petrol Prise in rewa madhya pradesh | Patrika News

रीवा के लोग प्रदेश का सबसे महंगा खरीद रहे पेट्रोल, हर वर्ग प्रभावित

locationरीवाPublished: Oct 24, 2021 10:52:46 am

Submitted by:

Mrigendra Singh

– लोगों ने कहा, महंगाई के कारण पैदल और साइकिल से चलने की डाल रहे आदत- दस दिन में एक दिन तीन पैसे घटा, अन्य दिन बढ़ता ही रहा दाम, बालाघाट और रीवा में सबसे अधिक दाम

rewa

petrol Prise in rewa madhya pradesh



रीवा। महंगाई हर क्षेत्र में बढ़ती जा रही है। इसमें सबसे अधिक चर्चा में पेट्रोल और डीजल के दाम हैं। मध्यप्रदेश में सबसे महंगे पेट्रोल की बात आती है तो उसमें रीवा का नाम पहली पंक्ति में होता है। प्रदेश के दूसरे हिस्सों की तुलना में रीवा में सबसे अधिक कीमत है। यह किसी एक दिन नहीं बल्कि बीते कई महीनों के आंकड़ों से साबित होता है। रीवा के साथ ही कुछ और जिले हैं जहां पर पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक रहती है। उसमें अनूपपुर, बालाघाट, शहडोल, पन्ना, छिंदवाड़ा सहित दूसरे कई दूसरे जिले भी हैं, जहां पर पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोत्तरी होती रहती है। इन सबमें रीवा का नाम सबसे ऊपर होता है। शनिवार को पेट्रोल के दामों में एक बार फिर रीवा में सबसे अधिक दाम पेट्रोल के रहे। रीवा में 118.81 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से पेट्रोल रहा। वहीं बालाघाट में इससे केवल दो पैसे महंगा रहा। अन्य जिलों में रीवा से कम दाम पेट्रोल के रहे। बीते दस दिन के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो पता चलता है कि केवल एक दिन तीन पैसे दाम घटे और शेष दिन बढ़ता ही रहा है। इसी तरह डीजल के दाम भी रीवा में सबसे अधिक हैं। यहां 107.96 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बिक्री डीजल की हो रही है। इसका असर सार्वजनिक परिवहन भी पड़ रहा है। यात्री बसों ने मनमानी किराया बढ़ाया तो टैक्सियों ने भी अपने दाम बढ़ा रखे हैं। जिसका पूरा बोझ आम जनता पर पड़ रहा है।
—-
जिले के बार्डर पार 14 रुपए कम दाम
रीवा जिले में पेट्रोल की सबसे अधिक कीमत होने की वजह से जिले के उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे क्षेत्रों में लोग करीब 14 रुपए प्रति लीटर कम दाम पर पेट्रोल खरीद रहे हैं। चाकघाट और हनुमना बार्डर के पार 105 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल है, जबकि रीवा में 119 रुपए के करीब है। लोग उत्तर प्रदेश की सीमा पर पहुंचकर पेट्रोल खरीदकर ला रहे हैं। इतना ही नहीं सीमावर्ती क्षेत्रों में पेट्रोल की कालाबाजारी भी हो रही है। कुछ व्यापारी कम दाम पर खरीदकर बार्डर पार से लाते हैं और यहां उससे अधिक कीमत पर बेच रहे हैं। पूर्व में उत्तर प्रदेश की सीमा पर बोर्ड भी लगाए गए थे कि मध्यप्रदेश से सस्ता पेट्रोल मिलता है।
————
प्रदेश में सबसे महंगे पेट्रोल वाले जिले
रीवा 118.81 रुपए प्रति लीटर, बालाघाट 118.83 रुपए, अनूपपुर 118.69 रुपए, शहडोल 118.59 रुपए, पन्ना 118.05 रुपए, श्योपुर 117.83 रुपए लीटर पेट्रोल बिक रहा है। राजधानी भोपाल में 115.90 रुपए प्रति लीटर और इंदौर में 116.01 रुपए प्रति लीटर बिक रहा। रीवा संभाग के दूसरे जिलों में सतना में 117.54 रुपए, सीधी में 117.15 रुपए एवं सिंगरौली में 116.08 रुपए प्रति लीटर की दर से पेट्रोल बेचा जा रहा है।
————
रीवा में बीते दस दिनों में ऐसा रहा दाम
23 अक्टूबर- 118.81 रुपए
22 अक्टूबर–118.23 रुपए
21 अक्टूबर– 118.11 रुपए
20 अक्टूबर–117.22 रुपए
19 अक्टूबर- 117.11 रुपए
18 अक्टूबर — 117.14 रुपए
17 अक्टूबर — 116.80 रुपए
16 अक्टूबर– 116.80 रुपए
15 अक्टूबर- 116.67 रुपए
14 अक्टूबर- 115.77 रुपए


लोगों ने ऐसे दी प्रतिक्रियाएं—

महंगाई की गति इनदिनों तेजी से बढ़ रही है। वर्तमान में जो सरकार है, वह इसी वायदे के साथ आई थी कि महंगाई कम होगी। रीवा में सबसे अधिक महंगा डीजल-पेट्रोल लोग खरीद रहे हैं, इस पर सरकार को बताना चाहिए कि आखिर समस्या क्यों बनी है।
नागेन्द्र सिंह गहरवार, अधिवक्ता
———————
पहले भी वस्तुएं महंगी होती रही हैं लेकिन वर्तमान हालात अधिक चिंता जनक हैं। इसका असर किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, सब प्रभावित हैं। युवाओं की नौकरियों पर असर पड़ा है और महंगाई बढ़ती जा रही है। सरकार में बैठे लोग उल्टी-सीधी बात कर लोगों का गुस्सा बढ़ा रहे हैं।
दुर्गाशंकर पाण्डेय, पेंशनर
—————-

मध्यमवर्गीय परिवार पर महंगाई का अधिक असर पड़ा है। हर कोई चाहता है कि वस्तुओं के दाम कम हों ताकि जरूरतें पूरी हो सकें। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों की वजह से अब उसका उपयोग कम करना ही विकल्प है। अपेक्षा है दाम कम हों।
राजेश कोल, प्राधिकरण कर्मचारी
———————

पेट्रोल-डीजल के साथ ही अन्य वस्तुएं भी रीवा में महंगी हैं। छात्रों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। अपने वाहन से जाएंगे तो पेट्रोल की कीमत अधिक है, आटो वालों ने किराया बढ़ा रखा है। सरकार को इस पर नियंत्रण करना चाहिए, अन्यथा मुश्किलें और बढ़ेंगी।
प्रकृति मिश्रा, छात्रा
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो