रीवा

बलात्कार के दौरान खींच ली फोटो, ब्लैकमेल से परेशान किशोरी ने दिखाया साहस

युवक घटना की जानकारी किसी को देने पर फोटो वायरल करने की दे रहा था धमकी, संबंध बनाने का भी डालने लगा था दबाव

रीवाJun 17, 2019 / 07:01 pm

Balmukund Dwivedi

महिला से गैंगरेप मामले में दरिंदों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म-मारपीट का केस दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस

रीवा. किशोरी के साथ बलात्कार कर युवक ने उसकी अश्लील फोटो खींची और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। परेशान किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी जिस पर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। घटना बिछिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां रहने वाली एक किशोरी के साथ मार्च माह में बलात्कार हुआ था। अंकित मिश्रा निवासी छिरेहटा थाना बिछिया किशोरी को अक्सर परेशान करता था। स्कूल जाते समय आए दिन उसके साथ छेडख़ानी करता था।
डरी सहमी थी पीडि़ता
युवक 20 मार्च को पीडि़ता के घर पहुंच गया। घर में घुसकर उसने किशोरी के साथ बलात्कार किया और उसकी अश्लील फोटो खींच ली। युवक ने घटना की जानकारी किसी को देने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी। डरी सहमी पीडि़ता परिजनों तक को घटना की जानकारी नहीं दे पाई। इससे आरोपी के हौंसले बढ़ गए और वह लगातार पीडि़ता को फोन करके धमकाने लगा। वह किशोरी पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। पीडि़ता को रोता हुआ देखकर जब मां उससे घटना की जानकारी ली तो उसने पूरी घटना मां को बताई। परिजनों को जानकारी मिलते ही उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। परिजन पीडि़ता को लेकर महिला थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर है। उसके पकड़े जाने पर ही फोटो बरामद हो पाऐगी। थाना प्रभारी आराधना सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
किशोरी से बलात्कार का प्रयास
वहीं एक अन्य घटना में किशोरी के साथ दो युवकों ने बलात्कार का प्रयास किया। शोर मचाने पर युवक उसे छोड़कर फरार हो गए। नईगढ़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी किसी काम से जंगल तरफ गई थी जहां उसे संजय साकेत व अर्जुन साकेत मिल गए। उन्होंने किशोरी को रोका और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगे। पीडि़ता वहां से जाने लगी तो दोनों युवक उसे जबरदस्ती जंगल तरफ ले जाने का प्रयास करने लगा। पीडि़ता द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोग पहुंच गए जिस पर दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.