scriptनागरिकों की सक्रियता से शहर बनेगा सुंदर, स्वच्छ व व्यवस्थित | Plans created by direct collector | Patrika News

नागरिकों की सक्रियता से शहर बनेगा सुंदर, स्वच्छ व व्यवस्थित

locationरीवाPublished: May 25, 2019 05:48:06 pm

Submitted by:

Anil kumar

एक सप्ताह में मांस मंडी व ट्रांसपोर्ट नगर होगा व्यवस्थित

Plans created by direct collector

Plans created by direct collector

सीधीञ्चपत्रिका. लोकसभा चुनाव 2019 संपन्न हो चुका है। कलेक्टर अभिषेक सिंह ने लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद कलेक्ट्रेट सभागार मेेंं पत्रकारवार्ता आयोजित कर शहर के विकास व सौंदर्यीकरण पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए सुझाव लिए।
आमजनों की भागीादारी जरूरी
पत्रकारवार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा शहर के विकास व सौंदर्यीकरण को लेकर आवश्यक सुझाव दिए गए, जिसमें मुख्य रूप से इस कार्य में सामाजिक संगठनों व आमजनों की भागीदारी सुनिश्चित कराना, सराहनीय भूमिका अदा करने वाले लोगों व सामाजिक संगठनों को प्रशासन की ओर से प्रोत्साहित करना, मांस व्यापारियों को नवीन मांस मंडी में स्थानांतरित करना, ट्रांसपोर्ट नगर की उपयोगिता सुनिश्चित कराना, वीथिका भवन का सौंदर्यीकरण, शहर के विभिन्न मुहल्लों में खाली पड़ी शासकीय भूमि में पार्क का निर्माण, सूखा नाले का सौंदर्यीकरण, शहर के चारों टैक्सी स्टैंडों को व्यवस्थित कराना, संजीवनी पालिका बाजार को अतिक्रमणमुक्त करना, ऑटो स्टैंड निर्माण सहित अन्य मुद्दों पर विचार रखे गए। कलेक्टर ने कहा कि शहर को सुुंदर बनाने की दिशा में सबसे अधिक महत्वपूर्ण पार्किंग स्थल का निर्माण है, इस दिशा में काफी कुछ कार्य किया भी जा चुका है, अब लोकसभा चुनाव संपन्न हो चुका है, इसलिए अब शहर व जिले के विकास कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों के लिए सबसे अहम आवश्यकता बजट की होती है, लेकिन यह कोई बड़ी समस्या नहीं है। उन्होंने कहा सबसे पहले आवश्यक है कि शहर के मार्गों के किनारे पेवर ब्लाक के साथ ही पौधरोपण किया जाए। इससे शहर सुंदर लगने लगेगा। कलेक्टर ने कहा कि कि किसी भी शहर का सुनियोजित विकास नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के बिना संभव नहीं है। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही सीधी शहर सुंदर स्वच्छ और व्यवस्थित होगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए यहां रहने वाले लोगों के मन में स्वामित्व की भावना को विकसित करना आवश्यक है। इस अभियान में सभी हिताधारक आगे आकर अपनी सहभागिता निभाएं। अपने आस-पास हो रहे विकास कार्य में निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि इस पूरे अभियान में मीडिया की सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका है। इसको दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने पहली बैठक पत्रकारों के साथ आयोजित की है।
देश का बेहतर शहर बन सकता है सीधी
पुलिस अधीक्षक तरूण नायक ने कहा कि सीधी एक छोटा जिला मुख्यालय है अत: इसे आसानी से व्यवस्थित किया जा सकता है। यहां के सभी लोग आपस में जुड़े हुए हैं, वो यदि अभियान चलाकर शहर को व्यवस्थित करने की ठान लें तो यह शहर देश का सबसे बेहतर शहर बन सकता है। उन्होंने कहा कि विकास के मार्ग पर शुरुआती दौर में कुछ समस्याएं होती हैं लेकिन लंबे समय में फायदा होता है। अंत में कलेक्टर ने कहा कि एक सप्ताह में प्राथमिकता के साथ शहर की मांस मंडी व ट्रांसपोर्ट नगर को हरहाल में व्यवस्थित कर दिया जाएगा।
सकारात्मक वातावरण में सुनियोजित विकास संभव
कलेक्टर सिंह ने बताया कि शहर में सभी आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी जो चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। शहर में पार्किंग, पार्क, मॉल, थियेटर, सहित सभी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। शहर की यातायात व्यवस्थाओं को ठीक करने के लिये महत्वपूर्ण स्थानों कलेक्ट्रेट परिसर, लालता चौक, गांधी चौक, सम्राट चौक पर पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। शहर के मुख्य मार्ग को व्यवस्थित किया जाएगा। उसमें पेबर ब्लाक, लाइट तथा पौधरोपण के द्वारा सौंदर्यीकरण का कार्य वृहद पैमाने पर किया जाएगा। प्रत्येक मुहल्ले के आस-पास पार्क का निर्माण किया जाएगा। वीथिका भवन को क्लब हाउस या मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। शहर से ट्रांसपोर्ट नगर तथा मीट मार्केट को उनके निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। सब्जी मंडी तथा फल मंडी को व्यवस्थित किया जाएगा। ऑटो तथा टैक्सी के लिये स्टंैड को भी व्यवस्थित किया जाएगा। सभी वस्तुएं यदि अपने निर्धारित स्थान पर हो जाएं तथा नागरिकों के मन में स्वामित्व की भावना विकसित हो जाये तो इससे एक सकारात्मक वातावरण में सुनियोजित विकास संभव होगा।

ट्रेंडिंग वीडियो