scriptराखी बांधने जेल आई बहनों को रोका, घंटों मचा रहा हंगामा | rakshabandhan central jail rewa mp, controversy | Patrika News

राखी बांधने जेल आई बहनों को रोका, घंटों मचा रहा हंगामा

locationरीवाPublished: Aug 12, 2022 10:54:17 am

Submitted by:

Mrigendra Singh

 
– बाहर से चिल्लाती रही बहनें, दूर से ही दिखा दो हम लौट जाएंगे- जेल प्रशासन पर लगाया मनमानी का आरोप

rewa

rakshabandhan central jail rewa mp, controversy


रीवा। रक्षाबंधन के दिन केन्द्रीय जेल रीवा में बंदियों को राखी बांधने के लिए आई बहनों को मिलने से रोक दिया गया। जिसके चलते घंटों हंगामा होता रहा। जेल प्रशासन पर मनमानी का आरोप भी लगाया गया। कुछ बहनें चिल्लाती रहीं कि उन्हें दूर से ही भाई को दिखा दो, देखकर लौट जाएंगी लेकिन जेल प्रशासन ने उनकी मांगों को पूरी तरह से अनसुना कर दिया। बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस को भी बुलाया गया और मामला शांत कराया गया। केन्द्रीय जेल के बंदियों को राखी बांधने के लिए दूर-दूर से बहनें आई थी, जिसमें उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, बिहार सहित अन्य कई दूसरे राज्यों की शामिल थी। बहनों ने जेल प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। इनका कहना है कि पूर्व से किसी तरह की सूचना नहीं थी कि रक्षा बंधन के दिन नहीं मिलने दिया जाएगा। अब कोरोना काल से जुड़े हर तरह के प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। इसके बावजूद जेल प्रशासन ने बीते वर्ष की तरह इस साल भी रक्षाबंधन के दिन प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया। इस कारण दूरदराज से आई बहनें अपने भाइयों से नहीं मिल पाईं। वह बाहर फफक-फफक कर रोती रही कि एक बार भाई को दिखा दो, देखकर ही चली जाएंगी।

रात्रि से ही पहुंचने लगी थी
जेल के बाहर रात्रि से ही राखी बांधने के लिए बहनों की भीड़ जुटने लगी थी। दूसरे राज्यों से आने वालों के वाहन जैसे-जैसे आते गए इनकी संख्या बढ़ती गई। सुबह से स्थानीय लोग भी पहुंचने लगे, जिसके चलते भीड़ अधिक हो गई।

पूर्व से नहीं दी गई थी कोई सूचना
जेल में रक्षा बंधन के दिन बंदियों से परिजनों की मुलाकात नहीं होगी इस संबंध में किसी तरह की सूचना नहीं दी गई थी। जेल प्रबंधन का तर्क है कि कोरोना काल में जो प्रतिबंध लगाया गया था, उसे निरस्त करने संबंधी कोई आदेश शासन की ओर से नहीं हुआ। इस पर जेल प्रशासन ने भी किसी तरह का मार्गदर्शन शासन से नहीं मांगा। इस मामले में जेल प्रशासन के अधिकारी कुछ भी बोलने से कतराते रहे।

रोती रही बहनें, दुत्कारते रहे जेलकर्मी
राखी बांधने और भाइयों से मिलने के लिए रोती रहीं बाहर बहनें और जेल के कर्मचारियों द्वारा उन्हें दुत्कार कर भगाने का क्रम चलता रहा। इसकी वजह से भी लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। हालांकि बाद में मीडिया के दबाव की वजह से राखी एवं मिठाइयां लेकर बंदियों तक भिजवाई गई।

मंत्री का निर्देश, मिलने के लिए दें समय
रीवा में हुए बवाल की जानकारी मिलने पर गृह एवं जेल मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अधिकारियों को फटकार लगाई है। साथ ही निर्देश जारी किया कि तत्काल बहनों को राखियां बांधने के लिए अनुमति दी जाए। यह अनुमति 12 अगस्त को भी जारी रहेगी।
————-

कोरोना काल में शासन के प्रतिबंध से जुड़े आदेश जारी हुए थे, इसके बाद से कोई नया आदेश नहीं आया। जिसकी वजह से बहनें राखी बांध नहीं पाई लेकिन उनकी ओर से राखी एवं अन्य सामग्री जो दी गई वह बंदियों तक पहुंचाई गई है। अब शासन का आदेश मिला है इसलिए 12 अगस्त को राखी बांधने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
एसके उपाध्याय, अधीक्षक केन्द्रीय जेल
——————–

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो