रीवा

रीवा : सिस्टम में लापरवाही की भेंट चढ़ गया युवक, निगम प्रशासन के खिलाफ लोगों में गुस्सा

अस्पताल चौराहे के पास नगर निगम के खुले गड्ढे में दुर्घटनाग्रस्त हुए युवक की मौत

रीवाOct 26, 2018 / 12:53 pm

Mrigendra Singh

rewa city accident

रीवा। सिस्टम की लापरवाही और मनमानी का शिकार आम लोग ही होते हैं। शहर के बिछिया तोपखाना निवासी अशोक कृष्णानी का इकलौता बेटा विशाल इसी लापरवाह सिस्टम की भेंट चढ़ गया। वह २० अक्टूबर को रात्रि करीब १२ बजे दुकान बंद कर घर की ओर जा रहा था, तभी अस्पताल चौराहे के पास नगर निगम की लापरवाही से नालियों का खुला गड्ढा उसके रास्ते में काल बन गया।
गड्ढे में गिरने की वजह से दुर्घटनाग्रस्त विशाल को स्थानीय लोगों ने संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात होने की वजह से कोई चिकित्सक उसका उपचार करने को तैयार नहीं था। यहां भी सिस्टम में लापरवाही का वह शिकार हुआ। अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने पुराने बस स्टैंड के पास प्राइवेट अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे लेकर वहां भी गए, जहां तीन दिन तक उपचार किया गया और बाद में मृत घोषित किया गया।
परिजन उसकी आंखें दान कराना चाह रहे थे। इसके लिए मेडिकल कालेज की टीम को बुलाया गया, जिसने जांच किया तो पता चला कि इसके मौत हुए कई घंटे बीत चुके हैं, इस वजह से आंखें दूसरों के काम नहीं आएंगी। बताया जा रहा है कि प्राइवेट अस्पताल में मौत की जानकारी समय पर नहीं दी गई।
व्यापारी के इकलौते बेटे के निधन की खबर पाकर शहर के कई संगठनों ने शोक संवेदना जाहिर की है, साथ ही नगर निगम द्वारा नालियों के ढक्कन बंद नहीं किए जाने की वजह से आए दिन हो रही इस तरह की घटनाओं को लेकर नाराजगी भी जताई है। इसके पहले भी लापरवाही की वजह से दुर्घटनाएं होती रही हैं और नगर निगम प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता रहा है।
कांग्रेसी उठाएंगे कार्रवाई की मांग
इस घटना पर शहर कांग्रेस ने मौन जुलूस के साथ शांति मार्च निकाला। एक दिन पहले ही पार्टी नेताओं ने शहर के कई सामाजिक और व्यवसायिक संगठनों के साथ बैठक कर शांति मार्च निकालने की चर्चा की थी। शहर अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू ने बताया कि विशाल कृष्णानी की मौत निगम प्रशासन की लापरवाही की वजह से हुई है। इस कारण २६ अक्टूबर को सुबह ११ बजे अस्पताल चौराहे से पीली कोठी, शिल्पी प्लाजा, प्रकाश चौराहा होते हुए नगर निगम कार्यालय तक शांति मार्च निकाला गया।
 

Hindi News / Rewa / रीवा : सिस्टम में लापरवाही की भेंट चढ़ गया युवक, निगम प्रशासन के खिलाफ लोगों में गुस्सा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.