सिविल लाइन थाना अन्तर्गत पडऱा निवासी जयकरण प्रजापति (३०) चोरहटा स्थित रैन फारेस्ट आईसक्रीम फैक्ट्री में काम करता था। रविवार की रात उसके साथ मारपीट हुई थी जो घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। डायल 100 पुलिस ने उसे देररात अस्पताल में भर्ती करवाया था जहां सोमवार की सांयकाल उसकी मौत हो गई। इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपी भूपेन्द्र सिंह ठाकुर निवासी पडऱा को पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया जिससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि जयकरण को पड़ोस में रहने वाली महिला ने रविवार की रात घर बुलाया था। जिस समय युवक महिला के साथ घर में था तभी उसका पति आ गया। पति को शंका हुई तो उसने युवक के साथ जमकर मारपीट की।
मरणासन्न हालत में उसे घर के बाहर फेंक दिया। आरोपी ने अपने अपराध को छिपाने के लिए डायल 100 को फोन कर चोर घुसने और भागते समय गिरकर घायल होने की जानकारी दी। आरोपी का झूठ अधिक समय तक नहीं टिक पाया। अस्पताल में उसके दोपहर बयान दर्ज किए गए तो पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।
युवक के साथ आरोपी ने घर में मारपीट की थी और उसको बाहर फेंक दिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हो गई। युवक उस समय आरोपी के घर में था जिस पर उसने नाराज होकर हमला किया था। हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
शशिकांत चौरसिया, थाना प्रभारी सिविल लाइन