रीवा

Bharat Band : एट्रोसिटी एक्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह का बड़ा बयान, जानिए किसे दी नसीहत

संवेदनशील मामले में संयम की जरूरत होती है, इसमें राजनीति उचित नहींबोले भाजपा सबका साथ-सबका विकास मंत्र के साथ जनकल्याण की दिशा में बढ़ रही आगे

रीवाSep 05, 2018 / 01:00 pm

Mrigendra Singh

statement of BJP president Rakesh Singh on the sc st Atrocity Act

रीवा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा है कि एट्रोसिटी एक्ट का मामला संवेदनशील विषय है। इस पर कांग्रेस देश का माहौल बिगाडऩे का प्रयास कर रही है। इसमें सबको संयम के साथ काम लेना चाहिए, राजनीति करने का यह विषय नहीं है। रीवा में प्रेस कांफ्रेंस कर उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के साथ ही देश के हर नागरिक का दायित्व है कि इस मामले में संवेदनशीलता दिखाएं, किसी तरह की गलत बयानबाजी से बचना चाहिए। इस मामले से जुड़े उनसे कई सवाल पूछे गए लेकिन सिंह ने आखिर तक अपना एक ही जवाब दोहराया और कहा कि वह सबसे अपेक्षा करते हैं कि इसमें संवेदनशीलता पेश करेंगे। छह सितंबर को भारत बंद के आह्वान पर कहा कि कांग्रेस की यह साजिश है, इसमें भी सबसे से शांति की अपील की गई है।
नेता प्रतिपक्ष पर फिर लगाया आरोप
भाजपा अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह पर एक बार फिर हमला बोला है और कहा है कि जिन लोगों को पकड़ा गया है उन्होंने स्वीकार किया है कि पत्थर फेकने के लिए रुपए दिए गए थे और कांग्रेस नेताओं ने जानलेवा हमले की साजिश की थी। आरोपों का आधार पूछे जाने पर कहा कि इसका खुलासा पुलिस लगातार कर रही है। इस घटना के बाद से कांग्रेस के प्रति जनता का विश्वास और गिरा है, इसका असर चुनाव में दिखेगा। भारी मतों के अंतर से लोग लगातार चौथी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे।
 

MrigendraSingh IMAGE CREDIT: Patrika
भाजपा को रोकने विरोधी ताकतें कर रहीं काम, कांग्रेस भी उसी का हिस्सा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा है कि केन्द्र में भारी बहुमत की सरकार के साथ ही राज्यों पर पार्टी की एक तरफा हो रही जीत पर विरोधी ताकतें परेशान हैं। वह देश का माहौल खराब कर भाजपा को रोकना चाह रही हैं, कांग्रेस इन्हीं का एक हिस्सा है जो देश में अशांति पैदा करना चाहती है। इन सबसे पार्टी कार्यकर्ताओं को मुकाबला करना है। केन्द्र और राज्य सरकार ने जीवन स्तर को सुधारा है, यह बातें जनता के बीच में लेकर कार्यकर्ता जाएं।
भाजपा कार्यालय में जिले भर के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक है, नेता क्षेत्र में नियमित भ्रमण करें, हर घर में संपर्क चुनाव की तिथि घोषित होने से पहले करें। प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा एवं उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने भी संबोधित किया। बैठक में संभागीय संगठन मंत्री जितेन्द्र लिटोरिया, सांसद जनार्दन मिश्रा, जिला अध्यक्ष विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, रामदास मिश्रा, केशव पाण्डेय, विधायक दिव्यराज सिंह, महापौर ममता गुप्ता, मदनमोहन गुप्ता, गौरव तिवारी, जिपं. उपाध्यक्ष विभा पटेल, पूर्व महापौर शिवेन्द्र सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जातियों में बांटने का हो रहा प्रयास
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि 2018 विधानसभा के चुनाव आगामी लोकसभा चुनाव की नींव रखने जा रहे हैं। इस दृष्टि से कांग्रेस और विरोधी ताकतें वर्गों और जातियों में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही हंै। सोशल मीडिया का दुरुपयोग किया जा रहा है। बहुसंख्यक वर्ग के बीच दीवार खड़ी की जा रही है और इन सबके पीछे वे सारी ताकतें काम कर रही हैं, जो यह नहीं चाहती हैं कि 2019 में नरेंद्र मोदी फिर प्रधानमंत्री बनें। क्योंकि उन्हें पता है कि मोदी पुन: प्रधानमंत्री बने तो भारत विश्व का नेतृत्व करेगा।
कार्यकर्ताओं के परिश्रम ने शिखर पर पहुंचाया
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज हम जिस वट वृक्ष के रूप में पार्टी को देख रहे हैं, उसके पीछे पुराने नेताओं का कठोर तप और परिश्रम है, जिन्होंने लगातार कार्यकर्ताओं को गढ़ा और उनका एक ही लक्ष्य रहा कि पार्टी हमेशा आगे बढ़ती रहना चाहिए। भाजपा एकमात्र ऐसा दल है, जिसे कार्यकर्ता आधारित दल कहा जाता है, क्योंकि कार्यकर्ता हमारी पंूजी है। इन्हीं के परिश्रम से आज पार्टी शिखर पर है।
25 सितंबर को भोपाल में होगा ऐतिहासिक सम्मेलन
भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 25 सितंबर को भोपाल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बड़ा कार्यक्रम होगा। जहां पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित अन्य नेतागण शामिल होंगे। इस सम्मेलन से लगातार प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने के संकल्प का शंखनाद होगा। इस कार्यक्रम में बूथ से लेकर जिले तक के कार्यकर्ताओं को पहुंचने के लिए कहा है।
विधानसभावार ली जानकारी
प्रदेश अध्यक्ष ने हर विधानसभा से आए पदाधिकारियों से अलग-अलग चर्चा की और उनके क्षेत्र में वर्तमान राजनीतिक पस्थितियों को लेकर जानकारी ली। साथ ही कहा कि सरकार के विरुद्ध माहौल बनाया जा रहा है, इस कारण कार्यकर्ता हर घर में संपर्क करे और लोगों को बताएं कि पूर्व में कांग्रेसी किस तरह से सत्ता का दुरुपयोग करते थे। इसी बीच उन्होंने विधायकों की परफार्मेंस के बारे में भी पूछा और कहा कि जहां पर हमारा विधायक जीतने की स्थिति में नहीं होगा इस बार टिकट बदला जाएगा। कहा कि पार्टी कई स्तरों पर सर्वे करा रही है, जल्द ही उन सबका संकलन करने के बाद टिकट तय किए जाएंगे।
स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे कार्यकर्ता
भाजपा के नेताओं का इनदिनों प्रदेश भर में विरोध किया जा रहा है। एट्रोसिटी एक्ट को लेकर प्रदेश अध्यक्ष को भी कई जगह विरोध का सामना करना पड़ा है। रीवा में भी इसकी आशंका को देखते हुए भारी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। जहां से वाहन रैली के काफिले के साथ प्रदेश अध्यक्ष को पार्टी कार्यालय लाया गया। सायं वह सीधी के लिए रवाना हुए तो वहां भी पहुंचाने कई नेता साथ गए।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.