scriptSwachh survey 2019, देश भर में शुरू हो गया स्वच्छता सर्वेक्षण, इस शहर को अभी दो और सर्वे से गुजरना होगा | swachh survekshan 2019, rewa madhya pradesh | Patrika News

Swachh survey 2019, देश भर में शुरू हो गया स्वच्छता सर्वेक्षण, इस शहर को अभी दो और सर्वे से गुजरना होगा

locationरीवाPublished: Jan 04, 2019 09:51:48 pm

Submitted by:

Mrigendra Singh

– ओडीएफ प्लस-प्लस और थ्री स्टार रेटिंग का अब तक नहीं हुआ है सर्वे- चार जनवरी से देश के शहरों में शुरू हो रहा है स्वच्छता सर्वेक्षण 2019

rewa

swachh survekshan 2019,

रीवा। स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में तैयारियों को लेकर रीवा काफी पीछे है। चार जनवरी से देश भर के शहरों में सर्वेक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है। इसके पहले निकायों को जो निर्धारित मापदंड हैं, उन्हें पूरा करना होगा। इस बार परीक्षा कई चरणों में होगी। पूर्व के सर्वे में केवल उनदिनों फोकस किया जाता था जब सर्वे करने के लिए दिल्ली से टीम पहुंचती थी। अन्य दिनों में गंदगी और अन्य बदहाली पर ध्यान नहीं जाता था। इसलिए अब पूरे साल स्वच्छता के लिए प्रयास किए गए यह साबित करना होगा। मुख्य सर्वेक्षण से पहले नगर निगम को अभी दो बड़े सर्वे के दौर से गुजरना होगा। पहला सर्वे ओडीएफ प्लस-प्लस और दूसरा थ्री स्टार रेटिंग का है। नगर निगम ने स्वयं को थ्री स्टार रेटिंग दी है, जिसका सत्यापन करने जल्द ही टीम आएगी। निगम प्रशासन एनजीओ का सहारा लेकर इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है। ओपन डेफकेशन फ्री(ओडीएफ) के लिए इस बार तीन चरणों के इम्तहान से नगर निगम को गुजरना है। जिसमें ओडीएफ और ओडीएफ प्लस का सत्यापन हो चुका है, प्रमाण पत्र भी निगम को मिल गया है। अभी एक चरण ओडीएफ प्लस-प्लस का बाकी है। इसके लिए जल्द ही टीम रीवा आएगी। नगर निगम ने आवेदन केन्द्रीय शहरी मंत्रालय को भेज दिया है।
– स्वयं की तैयारियों के आधार पर करनी है स्टार रेटिंग
इस बार स्वच्छता सर्वे के लिए स्टार रेटिंग स्वयं नगरीय निकायों को करनी है। इनके पास स्वच्छता से जुड़ी तैयारियों एवं उपलब्ध संसाधनों के आधार पर डाक्यूमेंटेशन फीडिंग करनी है। स्टार रेटिंग के लिए १, २, ३, ५ एवं ७ स्टार तक की रेटिंग निकाय कर सकते हैं। ४ स्टार की रेटिंग राज्य सरकार द्वारा प्रमाणित की जानी है। इसकी औपचारिकताओं को निकायों को पूरा करना होगा। रीवा नगर निगम ने स्वयं को थ्री स्टार रेटिंग दी है, इसके डाक्यूमेंट स्वच्छता मिशन की वेबसाइट पर अपलोड भी किए जा चुके हैं। बताया गया है कि ३१ जनवरी तक का डाक्यूमेंटेशन के लिए अवसर मिला है। इस अवधि में ५ स्टार रेटिंग के डाक्यूमेंट भी अपलोड करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
– स्टार रेटिंग के ये अंक हैं निर्धारित
– विफलता के बिना 7 स्टार प्रमाणीकरण- 1000
– विफलता के साथ 7 स्टार प्रमाणीकरण- 900
– विफलता के बिना 5 स्टार प्रमाणीकरण- 800
– विफलता के साथ 5 स्टार प्रमाणीकरण- 700
– 4 स्टार घोषित होने पर – 600
– विफलता के बिना ३ स्टार प्रमाणीकरण- 500
– विफलता के साथ ३ स्टार प्रमाणीकरण-450
– २ स्टार घोषित- 350
– 1 स्टार की स्थिति पर- 200
——-
– ओडीएफ प्लस-प्लस में मिलेंगे 250 अंक
ओडीएफ के प्रमाणीकरण पर इस बार अधिकतम २५० तक अंक सर्वे में मिलेंगे। शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के तहत निकाय द्वारा स्वयं ओडीएफ घोषित करने पर २५ अंक, असफल प्रयास के साथ ओडीएफ प्रमाणित होने पर १०० अंक, ओडीएफ प्रमाणीकरण पर १५० अंक, ओडीएफ प्लस के लिए २०० अंक और ओडीएफ प्लस-प्लस के लिए २५० अंक मिलेंगे। रीवा नगर निगम में ओडीएफ और ओडीएफ प्लस का प्रमाणीकर हो चुका है। अब आखिरी चरण का भी सर्वे होना है। २०० अंक निगम ने पक्के कर लिए हैं।
– मुख्य सर्वेक्षण चार भागों में होगा
सर्वेक्षण के कुल अंक – 5000
– प्रमाणीकरण- 1250
– प्रत्यक्ष अवलोकन- 1250
– सेवा स्तर प्रगति- 1250
– नागरिक प्रतिक्रिया- 1250
——
स्वच्छ सर्वेक्षण से पहले स्टार रेटिंग एवं ओडीएफ प्लस-प्लस का सत्यापन कराया जाएगा। इसके डाक्यूमेंट अपलोड कर दिए गए हैं, पहले इन दोनों का सत्यापन होगा, उसके बाद मुख्य सर्वेक्षण ५००० अंकों का होना है। रीवा में जनवरी के आखिरी सप्ताह या फिर फरवरी में सर्वे की संभावना है।
– एसके चतुर्वेदी, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम रीवा
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो