प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। नईगढ़ी थाने के बहुती जलप्रपात में एक स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी थी जिसके ऊपर चाभी और एक कागज में लिखा हुआ मोबाइल नम्बर लिखा था। यह देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ तो उन्होंने मोबाइल नम्बर में फोन लगाया जिस पर एक महिला के लापता होने की जानकारी मिली। परिजनों ने नईगढ़ी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जलप्रपात के नीचे लापता महिला का शव बरामद हुआ।
रविवार की सुबह गोताखोरों के साथ पुलिस टीम नीचे उतरी। प्रदेश के सबसे गहरे बहुती जलप्रपात से शव को निकालने के लिए रेसक्यू आपरेशन शुरू हुआ। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। महिला की पहचान मीना शुक्ला पति योगेश निवासी हनुमना हाल मुकाम बधैया थाना शाहपुर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। घटनास्थल की परिथितियों के आधार पर महिला के आत्महत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस मर्ग कायम कर घटना की जांच कर रही है।
उक्त महिला की शादी हनुमना में हुई थी। शादी के बाद पति व ससुराल वाले आए दिन उनको परेशान करते थे जिसकी वजह से वह अपने मायके में रहती थी। भाई उसे अपने साथ सीधी ले गया था जहां पर वह काम करती थी। दो दिन पूर्व वह ड्यूटी में जाने के लिए घर से निकली थी जिसके बाद लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन महिला का पता नहीं चला जिस पर सीधी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।