संजय गांधी अस्पताल में पदस्थ जूनियर डॉक्टर सुनील अग्निहोत्री शनिवार की रात महिला चिकित्सक के साथ बाइक में सवार होकर होटल खाना खाने गए थे। रात करीब एक बजे दोनों लोग खाना खाकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे रमकुंई थाना चोरहटा के समीप पहुंचे तभी तीन बाइकों में सवार 9 की संख्या में बदमाशों ने उनको रोक लिया। जूनियर डॉक्टर कुछ समझ पाते उससे पहले ही बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। चिकित्सक सुनील अग्निहोत्री पर बदमाशों ने राड व लाठी से हमला कर दिया और उनको जमकर पीटा। इस दौरान महिला चिकित्सक ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उनपर भी हमला कर दिया।
चिकित्सक को मरणासन्न हालत में छोडक़र बदमाश उनके पास रखे पांच हजार रुपए व बाइक लेकर चंपत हो गए। देररात जैसे ही घटना की सूचना मिली तो हडक़ंप मच गया। गंभीर रूप से घायल हुए जूनियर डॉक्टर को तत्कल उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सक शिशु रोग विभाग में पदस्थ है। वहीं महिला चिकित्सक ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया है।
इस घटना के बाद पुलिस ने देररात कंट्रोल रुम के माध्यम से पूरे जिले में नाकाबंदी करवाई। पुलिस पूरी रात बदमाशों की तलाश में लगी रही लेकिन उनका पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश स्थानीय थे जो बड़े आराम से घटना को अंजाम देकर निकल गए। पुलिस घटनास्थल के आसपास पूछताछ कर बदमाशों का सुराग जुटाने में लगी है।
जूनियर डॉक्टर देररात बाइक से वापस लौट रहे थे जिन पर बदमाशों ने हमला कर लूट की है। पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
अनिमेश द्विवेदी, थाना प्रभारी चोरहटा