जानकारी के मुताबिक आजाद नगर के पुष्पेंद्र सिंह के मकान में किराए पर रहने वाली रितु सोलंकी पत्नी वीरेंद्र कुमार सोलंकी ने समान पुलिस को बताया कि बीती रात रोहित पटेल नामक युवक ने घर की खिड़की तोड़कर घर के अंदर घुसा और बेटी रितिका सिंह को गन पॉइंट पर लेकर मुंबई चलने के लिए दबाव बनाने लगा। बेटी के विरोध करने पर उसने देसी पिस्तौल से बेटी पर फायर भी किया। लेकिन गोली बेटी को न लगकर दीवार पर जा लगी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार युवक के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान रोहित पटेल (25) पुत्र रेशम पाल सिंह निवासी अलीगढ़ उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम मुंबई ईस्ट के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि युवक सोमवार की अल सुबह तकरीबन 4:30 बजे जबरन किराए के मकान में रह रही मां-बेटी को गन पॉइंट पर लेकर धमका रहा था।
“सुबह-सुबह फोन से सूचना मिली तो मौके पर पुलिस बल भेज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवक को गिरफ्तार न किया जाता तो वह हत्या कर सकता था। युवक के विरुद्ध भोपाल में भी दो हत्या के मामले दर्ज हैं।”-राकेश कुमार सिंह, एसपी