script

असलहा दिखा कर मां-बेटी को बंधक बनाने वाले की मुंबई पुलिस को भी है तलाश

locationरीवाPublished: Dec 30, 2020 06:52:26 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-युवक रोहित सलाखों के पीछे-मां-बेटी को बंधक बनाने वाले युवक पर भोपाल व मुंबई में भी दर्ज है मुकदमा-फेसबुक के जरिए लड़कियों से करता था दोस्ती

मां बेटी को बंधक बनाने वाला आरोपी युवक रोहित सिंह

मां बेटी को बंधक बनाने वाला आरोपी युवक रोहित सिंह

रीवा. असलहे के बल पर मां-बेटी को बंधक बनाने और बेटी को जबरन मुंबई ले जाने की कोशिश करने वाले युवक रोहित सिंह को जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक रोहित मूल रूप से यूपी के अलीगढ़ का मूल निवासी है लेकिन इधर बीच मुंबई में रह रहा है। उस पर मुंबई, रीवा और भोपाल में भी इसी तरह की हरकत के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार रीवा, भोपाल और मुंबई में भी रोहित सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। मुंबई में दर्ज मामले में रोहित सिंह की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी की सूचना भी महाराष्ट्र पुलिस को दे दी गई है
जेल भेजे गए आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास, बंधक बनाने सहित आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह के अनुसार युवक रोहित (25) पुत्र रेशम पाल सिंह निवासी अलीगढ़ उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम वर्सोवा मुंबई है।
ये भी पढें- असलहे की नोक पर मां-बेटी को बंधक बनाने वाला पुलिस गिरफ्त में

पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह का कहना है कि मां-बेटी को बंधक बनाने और बेटी को मुंबई चलने के लिए दबाव बनाने वाले रोहित सिंह को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उसने जिस तरह के अपराध को अंजाम दिया है उसे देखकर लगता है कि वह मानसिक रूप से बीमार है। खुद को मेकअप आर्टिस्ट बता कर फिल्मी दुनिया में क्षेत्र में इंटरेस्ट रखने वाली लड़कियों को पहले वह फेसबुक से दोस्ती के जाल में फंसाता है बाद में उनके बताए हुए पते में पहुंच कर जबरन उन्हें मुंबई चलने के लिए दबाव डालता है।
पुलिस का कहना है कि रोहित सिंह खुद को मेकअप आर्टिस्ट बता कर पहले फेसबुक के जरिए लड़कियों से दोस्ती करता था बाद में उनके बताए गए पते पर पहुंचकर जबरन उन्हें मुंबई चलने के लिए मजबूर करता था। दो साल पूर्व भी वह प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक महिला आर्टिस्ट को 11 घंटे बंधक बनाकर जबरन उसे मुंबई ले जाने के लिए दबाव डाल रहा था। उस मामले में भोपाल पुलिस ने युवक के खिलाफ बंधक बनाने सहित हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
बता दें कि रविवार दरमियानी रात रितु (46) पत्नी वीरेंद्र कुमार सिंह निवासी आजाद नगर ने पुलिस अधीक्षक को सूचना दी थी कि उसके घर में रोहित सिंह नामक युवक जबरन घुस आया है। वह उनकी बेटी रिसिका को गन प्वाइंट पर लेकर मुंबई चलने के लिए दबाव डाल रहा है। जब बेटी ने मना किया तो उसने बेटी पर देसी पिस्तौल से फायर कर दिया। हालांकि गोली दीवार में जा लगी। इस पर पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पुलिस बल भेजा। तकरीबन 2 घंटे के मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रोहित सिंह को गिरफ्तार कर लिया। रोहित सिंह के पास से देसी पिस्तौल सहित तीन कारतूस बरामद किया गया है।

ट्रेंडिंग वीडियो