सागर

कोचिंग के लिए निकला था, रात में नहीं लौटा घर, सुबह झील में मिला शव

एएसआइ के बेटे ने जन्म दिन पर झील में कूदकर दी जान

सागरAug 12, 2018 / 10:25 am

नितिन सदाफल

ASIs son jumped into the lake on the birthday Dead

सागर. एसपी ऑफिस में पदस्थ एएसआइ के बेटे ने शुक्रवार-शनिवार रात लाखा बंजारा झील में कूदकर खुदकुशी कर ली। मृतक का शव पुलिस को सुबह करीब 7 बजे झील के किनारे पानी में उतराते हुए मिला। पुलिस ने शव निकालकर मर्चुरी भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है।
पुलिस के अनुसार गोपालंगज निवासी सचिन पुत्र महेश रावत (23) शुक्रवार को घर से कोचिंग के लिए निकला था। रात में घर नहीं लौटा था। परिवार के लोगों ने रात में ही उसकी तलाश की। गोपालगंज पुलिस को भी सूचना दी। शनिवार की सुबह 7 बजे संजय ड्राइव से एक व्यक्ति ने पुलिस को तालाब में शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव की शिनाख्त की तो वह सचिन रावत का शव पाया।
मृतक के पास से पुलिस को उसका बैग बरामद हुआ है, लेकिन उसमें सुसाइड नोट न मिलने की बात पुलिस कर रही है। बैग के अंदर उसकी किताबें मिली हैं। मृतक एमफार्मा कर चुका था। वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। सिविल लाइन क्षेत्र में एक कोचिंग भी ज्वाइन की थी। उसके दोस्तों के अनुसार वह सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान देता था। घर से कोचिंग और वहां से सीधे घर जाता था। उधर इस घटना से घर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के अनुसार मृतक के पिता महेश रावत एसपी ऑफिस में एएसआई हैं, जो बीमा शाखा में तैनात हैं। सचिन का शनिवार को जन्म दिन था। पुलिस को कोचिंग के के एक दोस्त ने बताया था कि सचिन मोबाइल का उपयोग नहीं करता था। जब भी उससे बात करनी होती थी तो उसके घर जाते थे।

सुसाइड नोट पर सस्पेंस
बताया जा रहा है कि सचिन ने सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें किसी कारण से परेशान होना बताकर खुदकुशी करने की बात लिखी है। यह सुसाइड नोट पुलिस को भी प्राप्त हुआ है, लेकिन पुलिस के अधिकारी इस बारे में अभी कुछ नहीं बता रहे हैं। सचिन का एक छोटा भाई व दो छोटी बहन हैं।

झील में युवक का शव पड़ा मिला था। प्रारंभिक जांच में यह सोसाइड का केस लग रहा है। कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।
अभिषेक वर्मा, टीआइ गोपालगंज

Home / Sagar / कोचिंग के लिए निकला था, रात में नहीं लौटा घर, सुबह झील में मिला शव

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.