scriptसेल्फी प्वाइंट में तोडफ़ोड़ पर भाजपा-कांग्रेस में तकरार, पुलिस ने भांजी लाठियां | BJP-Congress clash over at Selfie Point, Police did lathi charge | Patrika News

सेल्फी प्वाइंट में तोडफ़ोड़ पर भाजपा-कांग्रेस में तकरार, पुलिस ने भांजी लाठियां

locationसागरPublished: Jan 28, 2022 12:44:16 pm

Submitted by:

Atul sharma

छावनी बना खुरई, भारी पुलिस बल तैनात, टीआई निलंबित, मजिस्ट्रीयल जांच के आदेशकलेक्टर- एसपी भी पहुंचे मौके पर, दोनों पार्टियों के सैकड़ा भर से अधिक कार्यकर्ता घायल

सेल्फी प्वाइंट में तोडफ़ोड़ पर भाजपा-कांग्रेस में तकरार, पुलिस ने भांजी लाठियां

छावनी बना खुरई, भारी पुलिस बल तैनात

सागर. सेल्फी प्वाइंट क्षतिग्रस्त करने को लेकर गुरुवार दोपहर शहर में भाजपा- कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में तकरार से राजनीतिक माहौल गरमा गया। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी के बीच पथराव- झगड़े की स्थिति बनने पर प्रशासन को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान दोनों ही दलों के कार्यकर्ता घायल हो गए। मामला इतना गरमाया कि नगरीय प्रशासन मंत्री स्वयं तोडफ़ोड़ करने वालों और उनके मददगारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। हालांकि मंत्री का कहना है कि वे धरने पर नहीं बैठे थे बल्कि कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। तनावपूर्ण स्थिति की खबर लगने पर कलेक्टर- एसपी को खुरई पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा। पूरे मामले में मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए गए हैं, साथ ही प्रथमदृष्टया लापरवाही सामने आने पर सिटी थाना टीआइ को निलंबित कर दिया गया है।

यह है मामला :

गत सप्ताह शहर के सहोद्राबाई राय वार्ड और ऑफिसर्स कॉलोनी में नगर पालिका परिषद द्वारा बनाए गए सेल्फी प्वाइंट को देर रात क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। मामले में पुलिस ने नगर पालिका प्रशासन की शिकायत पर चार कांग्रेसी कार्यकर्ताओं सहित आठ पर अपराध दर्ज किया था। बुधवार को कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं पर झूठा प्रकरण दर्ज करने के विरोध में गुरुवार को ज्ञापन सौंपने की अनुमति ली थी। वहीं दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता भी गुरुवार को तोडफ़ोड़ करने वालों की गिरफ्तारी और घटना के विरोध में सड़क पर उतर आए। दोनों दल के कार्यकर्ता पहले नगर पालिका परिषद भवन और फिर तहसील कार्यालय में प्रदर्शन करने के दौरान आमने- सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कार्यकर्ताओं ने कुर्सियों को तोड़कर टेंट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान पथराव भी हुआ। यह देख मौके पर मौजूद एसडीएम मनोज चौरसिया, तहसीलदार इसरार अहमद, टीआइ अनूप सिंह, देहात थाना प्रभारी शैलेन्द्र राजावत भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे व स्थिति को नियंत्रित करने हल्के पुलिस बल का उपयोग करना पड़ा। बल प्रयोग के चलते दोनों दलों के एक सैकड़ा से अधिक कार्यकर्ता जख्मी हो गए।

खबर लगने पर कलेक्टर दीपक आर्य, एसपी तरुण नायक खुरई पहुंचे और तहसील कार्यालय परिसर में मौजूद मंत्री भूपेन्द्र सिंह से मुलाकात की। नगर में तनाव की स्थिति को देख भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। देर शाम तक दोनों अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और प्रथमदृष्टया टीआइ खुरई अनूप सिंह ठाकुर को निलंबित कर दिया। पूरे मामले की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश जारी कर दिए गए। बलवे में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए देर रात तक पुलिस ने धरपकड़ अभियान चलाया।

यह बोले जिम्मेदार :
खुरई में दो गुटों के बीच झगडा हुआ था। कानून व्यवस्था बिगडने के पहले पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। मंत्री भूपेंद्र सिंह धरने पर नहीं बैठे थे। झगड़े की सूचना मिलने पर वह अपने लोगों से मिलने गए थे। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। कानून व्यवस्था बिगाडऩे में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दीपक आर्य, कलेक्टर सागर

सेल्फी प्वाइंट से विवाद शुरू हुआ। कांग्रेसी ज्ञापन देना चाह रहे थे। बीजेपी कार्यकर्ताओं का भी कार्यक्रम था। इस पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जिसे संभालने हल्का बल प्रयोग किया गया। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर बलवा करने वालों की धरपकड़ की जा रही। प्रथम दृष्टया लापरवाही बरतने पर सिटी टीआइ खुरई को निलंबित कर दिया गया है।
तरुण नायक, एसपी, सागर

हमारे कार्यकर्ताओं को ही पीटा :
हमारे कार्यकर्ता अनुमति लेकर सेल्फी प्वाइंट तोडने वालों की गिरफ्तारी की मांग का ज्ञापन लेकर गए थे। पहले से तहसील में कुर्सी लगाकर सभा कर रहे कांग्रेसियों ने पथराव कर दिया, जिससे विवाद की स्थिति बनी। इस घटना में दो को सिर में चोट आई है जबकि आठ की हड्डियां टूटीं है और 26 अस्पताल में भर्ती हैं। मैं धरने पर नहीं बैठा था बल्कि धरने पर कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए मौके पर पहुंचा था।
भूपेंद्र सिंह, नगरीय प्रशासन मंत्री, मप्र

अंग्रेजों के समय में भी नहीं हुआ ऐसा :
आज खुरई में जो हुआ वह अंग्रेजों के समय भी ऐसा नहीं हुआ। आठ कांग्रेसियों पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने पर पार्टी ने आवेदन देकर अनुमति मांगी थी। ताकि निर्दोषों पर कार्रवाई न हो। आज तहसील में मीटिंग के दौरान भाजपा की रैली आई और अटैक कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने भी लाठी चार्ज कर दिया। जिसमें कई कांग्रेसी घायल हुए।
अरुणोदय चौबे, पूर्व विधायक, खुरई

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो