Big Breaking बीच बाजार में एक के बाद एक हुए कई धमाके, मची भगदड़, 6 घायल
बीच बाजार में एक के बाद एक हुए कई धमाके, मची भगदड़,6 घायल

राहुल श्रीवास्तव सागर. सागर के मुख्य बाजार क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर करीब १ बजे एक के बाद एक करीब १० जोरदार धमाके होने से आसपास भगदड़ के हालात बन गए। ब्लास्ट कहां हुए यह देखने के लिए लोग भागे। लिंक रोड के पास हुए इन धमाकों से कुछ समय के लिए शहर थम सा गया। किसी ने कहा बम फट गया तो कोई सिलेंडर की बात करता नजर आया, लेकिन ब्लॉस्ट बारूद से हुआ था, जिससे आतिशबाजी बनाने का काम बीच बाजार में ही किया जा रहा था। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। जबकि ब्लॉस्ट में घायल ६ लोगों को सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार लिंक रोड पर मुख्य बाजार की एक गली में गुरुवार की दोपहरकरीब १ बजे जोरदार धमाकों की आवाज आती है। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि आसपास रहने वाले लोग और दुकानदार भी कांप गए। इधर बाजार तक ब्लॉस्ट की गूंज से सभी को सहमा दिया। बाजार में भगदड़ के हालात बन गए। धमाकों की आवाज थमते ही लोग ब्लास्ट वाली जगह पहुंचे। जहां बताया गया कि बारूद से ब्लास्ट हुआ है।
ब्लास्ट से पूरा घर क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे ब्लास्ट की क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है। लखनसिंह ठाकुर के मकान में यह ब्लॉस्ट होना बताया जा रहा है। जिसमें तुलसी सिंह ठाकुर का परिवार रहता था। इस ब्लॉस्ट में तुलसी सहित कुछ महिलाएं और बच्चे समेत ६ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्लॉस्ट कैसे हुआ यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

आतिशबाजी के निर्माण के दौरान ब्लास्ट
सागर के मुख्य बाजार क्षेत्र में जिस जगह पर यह ब्लास्ट हुए हैं। वहां प्रथम दृष्टया आई जानकारी के अनुसार आतिशबाजी का निर्माण किया जा रहा था। इस दौरान काफी मात्रा में बारूद घर में ही रखा हुआ था। जिसका इस्तेमाल आतिशबाजी तैयार करने में किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक से हुई किसी लापरवाही की वजह से आग लग गई और बारूद व आतिशबाजी पूरी तरह ब्लास्ट हो गई। करीब १० मिनट तक ब्लास्ट से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। इधर आसपास रहने वाले लोग भी सहमे नजर आए।

हालांकि, बताया यह भी गया है कि इस क्षेत्र के अधिकांश घरों में बारूद से आतिशबाजी बनाने का काम होता है। इसकी जानकारी लगते ही व्यापारियों ने अब विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। व्यापारियों के अनुसार मुख्य बाजार क्षेत्र में वह बारूद का ढेर पर बैठे है। जिसकी अनुमति भी जिला प्रशासन द्वारा दिए जाने की जानकारी लगी है। अब पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन जांच कर रही है। इधर घायल उपचाररत है।
अब पाइए अपने शहर ( Sagar News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज