scriptमोदी कैबिनेट में लगातार दो बार से बुंदेलखंड को मिल रहा प्रतिनिधित्व | Patrika News
सागर

मोदी कैबिनेट में लगातार दो बार से बुंदेलखंड को मिल रहा प्रतिनिधित्व

– डॉ. वीरेंद्र कुमार के साथ प्रहलाद पटेल को भी मिली थी जगह– सबसे पहले बुंदेलखंड से उमा भारती बनी थी केंद्रीय मंत्री सागर. केंद्र सरकार में बुंदेलखंड क्षेत्र के अब तक तीन नेताओं को ही मंत्री बनने का मौका मिला है। सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, फिर डॉ. वीरेंद्र कुमार और प्रहलाद पटेल […]

सागरJun 10, 2024 / 04:38 pm

अभिलाष तिवारी

– डॉ. वीरेंद्र कुमार के साथ प्रहलाद पटेल को भी मिली थी जगह
– सबसे पहले बुंदेलखंड से उमा भारती बनी थी केंद्रीय मंत्री

सागर. केंद्र सरकार में बुंदेलखंड क्षेत्र के अब तक तीन नेताओं को ही मंत्री बनने का मौका मिला है। सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, फिर डॉ. वीरेंद्र कुमार और प्रहलाद पटेल को केंद्र सरकार में मंत्री बनने का मौका मिला। खास बात यह है कि वर्ष-2014 से मोदी सरकार में बुंदेलखंड क्षेत्र को विशेष महत्व मिल रहा है और यहां से एक नहीं बल्कि दो सांसदों को मंत्री पद मिला। राजनीतिक विशेषज्ञों की माने तो इस बार भी बुंदेलखंड में कम से कम एक सांसद को मंत्री जरूर बनाया जाएगा। बुंदेलखंड में लोस की चार सीटों सागर, दमोह, खजुराहो व टीकमगढ़ में से सागर से ही आज तक कोई भी सांसद केंद्र में मंत्री नहीं बन पाया है।

कौन, कब बना केंद्र में मंत्री


उमा भारती- खजुराहो लोकसभा सीट से चौथी बार 1998 में चुनाव जीतने के बाद उमा भारती अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री बनाई गईं थीं। हालांकि 1999 में वे भोपाल से लोकसभा सांसद चुनी गईं। इसके बाद 13 अक्टूबर 1999 से 2 फरवरी 2000 तक कैबिनेट राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पर्यटन, 7 नवंबर 2000 से 25 अगस्त 2002 तक कैबिनेट मंत्री, युवा मामले एवं खेल, 26 अगस्त 2002 से 29 जनवरी 2003 तक कैबिनेट मंत्री, कोयला एवं खदान बनी। वे वर्ष-2014 में झांसी लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से 16वीं लोकसभा की सांसद चुनी गई हैं और उन्हें मोदी मंत्रिमंडल में भारत की जल संसाधन, नदी विकास और गंगा सफाई मंत्री बनाया गया। उमा भारती छतरपुर जिले की मलहरा विधानसभा सीट से विधायक रहते हुए 8 दिसम्बर 2003 से 23 अगस्त 2004 तक मप्र की मुख्यमंत्री भी रही हैं।
डॉ. वीरेंद्र कुमार- वर्ष-2009 में टीकमगढ़ लोकसभा का गठन होने के बाद से भाजपा के डॉ. वीरेंद्र कुमार लगातार इस क्षेत्र से सांसद बनते आ रहे हैं। वह दो बार से मोदी सरकार में मंत्री बन रहे हैं। वर्ष-2014 में 6वीं बार सांसद बनने के साथ ही 3 सितंबर 2017 को उन्हें केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री बनाया गया था। इसके बाद 2019 में जीत के बाद 7 जुलाई 2021 को वह दूसरी बार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री बनाए गए थे।
प्रहलाद पटेल- दमोह लोकसभा सीट से अब तक सिर्फ एक सांसद को ही केंद्र में मंत्री बनने का मौका मिला है। 2014 में दमोह सीट से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद प्रहलाद पटेल को पर्यटन और संस्कृति राज्यमंत्री बनाया गया था। इसके बाद 2021 से दिसंबर 2023 तक उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और जल शक्ति विभाग के राज्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी।

Hindi News/ Sagar / मोदी कैबिनेट में लगातार दो बार से बुंदेलखंड को मिल रहा प्रतिनिधित्व

ट्रेंडिंग वीडियो