scriptMP Elections 2018 सागर झील के लिए मैंने दिए थे 30 करोड़, कहां गया पैसा : कमलनाथ | Congress Kamal Nath Road Show Sagar | Patrika News

MP Elections 2018 सागर झील के लिए मैंने दिए थे 30 करोड़, कहां गया पैसा : कमलनाथ

locationसागरPublished: Sep 26, 2018 01:29:09 pm

Submitted by:

manish Dubesy

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का रोड-शो: सभा में मुख्यमंत्री पर साधा निशाना, भोपाल में भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ पर उठाए सवाल

Congress Kamal Nath Road Show Sagar

Congress Kamal Nath Road Show Sagar

सागर. मप्र का विकास नीतियों से नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन से होगा। यह बात कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को सागर में कही। उन्होंने रोड शो के बाद सदर स्थित कजलीवन मैदान में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर निशाना साधा और कहा कि भोपाल में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ के लिए नगर निगम भोपाल ने तीन दिन से शहर में सफाई कार्य नहीं किया। निगमकर्मी सिर्फ बैनर-पोस्टर लगाने में जुटे रहे। महाकुंभ देखना है तो यहां सागर में आते।
उन्होंने कहा कि मोदी से बड़े कलाकार शिवराज सिंह हैं, जो 13 साल से इंदौर में इन्वेस्टर मीट बुला रहे हैं, लेकिन जितने उद्योग लग नहीं रहे उससे ज्यादा प्रदेश में बंद हो रहे हैं। उन्होंने चुटकी लेते कहा कि कभी-कभी शिवराज की प्रशंसा करने का मन होता है। बलात्कर, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला अपराध में मप्र देश मे नंबर है फिर भी वे जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। सरकारी पैसों से भीड़ जुटाई जा रही है। आशीर्वाद मिल नहीं रहा, बल्कि खरीदा जा रहा है। कमलनाथ ने कहा कि जब वे केंद्रीय मंत्री थे तब उन्होंने 30 करोड़ रुपए लाखा बंजारा झील के लिए दिए थे, कहां गया वो पैसा, भ्रष्टाचार में डूब गया न। रोड-शो व सभा में राजकुमार पचौरी, अमित दुबे (रामजी), नरेशचंद जैन, नवीन जैन, पुरुषोत्तम मुन्ना चौबे, हर्ष यादव सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे।
सागर में खुलेगा राज्य स्तरीय विवि
कांग्रेस घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि यह मेरा वचन है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो राज्य स्तरीय विवि सागर में ही खुलेगा। सागर से गहरा नाता है। जिस कॉलेज में पढ़ा हूं वो सागर विवि से ही जुड़ा था। भाजपा गौसेवा की बात करती है, लेकिन करती कुछ नहीं। हमारी सरकार आई तो प्रदेश के हर ग्राम पंचायत में एक गौशाला बनाई जाएगी। सभा में मंच पर भीड़भाड़ व अव्यस्थाओं से नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल नाखुश दिखे। संबोधन के पूर्व माइक के पास खड़े नेताओं को उन्हें धक्का देना पड़ा।
रोड-शो में उमड़ी भीड़
सभा से पहले रोड शो में भीड़ रही। रोड-शो इस दौरान जय कमलनाथ, जय कांग्रेस के नारे गूंजे। खास बात यह रही कि कांग्रेसी एकजुट दिखे, जिसे देख भाजपाइयों के होश उड़े नजर आए। रोड-शो बस स्टैंड, परकोटा, तीन बत्ती, कटरा, राधा तिराहा, भगवानगंज होते हुए सभा स्थल पहुंचा।
काले झंडे दिखाने से पहले गिरफ्तार
सपाक्स कार्यकर्ता सिविल लाइन में काले झंडे दिखाने की तैयारी में थे। लेकिन पुलिस ने हिरासत में लेकर पद्माकर थाना भेज दिया।
कार्यकर्ता के गनमैन ने किया हर्ष फायर, गिरफ्तार
अलंकार टॉकीज के पास कांग्रेस नेता अखिल केशरवानी के गनमैन भूपत लोधी निवासी नरवानी थाना बहेरिया ने हर्ष फायर कर दिया। कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इधर सभा के दौरान कुछ लोगों की जेब कटने की बातें भी सामने आईं हैं।

Congress Kamal Nath Road Show Sagar

सरकारों से शिकायत हुई तो वापस मांग लिए थे पैसे
कजलीवल मैदान में आयोजित सभा में कमलनाथ ने कहा कि केंद्र में जब में मंत्री था, तब सागर की लाखा बंजारा झील के लिए मैंने खुद ३० करोड़ रुपए की राशि दी थी, ताकि झील का विकास हो सके लेकिन कहां गया वो पैसा। इस बयान के बारे में पत्रिका ने पड़ताल की तो कमलनाथ का दावा सही निकला। नगर निगम को अलग-अलग किस्तों में लगभग ३० करोड़ रुपए की राशि दी गई थी जिसमें से उन्होंने ४ से ५ करोड़ रुपए उल्टे-सीधे कार्यों में खर्च कर दिया। इस बात की शिकायत जब राज्य व केंद्र सरकार से हुई तो यह राशि वापस मंगा ली गई। यही वजह है कि कमलनाथ अपने भाषण में सबसे पहले झील पर ही फोकस किया। उन्होंने कहा कि सर डॉ. हरिसिंह गौर की नगरी से बहुत ही गहरा नाता रहा है।
उन्होंने कहा कि आईटी पार्क के बारे में भी सागरवासी चिंता न करें। सरकार में आने दो यहां की तस्वीर बदल जाएगी। युवा शक्ति चारों ओर दिख रही है, उन्हें मोदी सरकार के जैसे जुमला नहीं मिलेगा बल्कि रोजगार मिलेगा।

 

Congress Kamal Nath Road Show Sagar
भाजपा से जुबेर खान, गोलू कुरैशी समर्थकों के साथ वरिष्ठ नेता आनंद तोमर, शैलेंद्र तोमर की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल हुए। निगम में नेता प्रतिपक्ष अजय परमार के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के अजीम खान ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह जब सभा को संबोधित कर रहे थे तब टिकट के दावेदारों के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
कुछ नेताओं को किराये की
भीड़ जुटानी पड़ी।
ज्योतिरादित्य सिंधिया, अजय सिंह, मुख्यमंत्री की यात्रा से ज्यादा भीड़ कमलनाथ के रोड शो व जनसभा में नजर आई।
रोड शो जहां से निकला तो वहां करीब आधा से एक घंटा तक राहगीरों को यातायात जाम का सामना करना पड़ा।
कार्यकर्ताओं द्वारा फोटो खिंचवाने के चक्कर में दिग्गजों का मंच पर बैठना मुश्किल हो गया।
रोड शो से पहले बस स्टैंड पर जलप्रदाय पाइपलाइन फूट गई।

जेबकतरों की रही मौज
सभा और रोड शो में सिविल लाइन से कजलीवन मैदान तक बड़ी संख्या में जेबकतरे सक्रिय रहे। रोड शो में स्वागत और आमसभा में भीड़ की धक्का-मुक्की के बीच कांग्रेस नेताओं सहित कई कार्यकर्ताओं के मोबाइल और पर्स जेबकतरे ले उड़े। इसकी शिकायत भी देर शाम को पुलिस थाने पहुंचने लगे हैं। शाम को कांग्रेस पदाधिकारी आशीष ज्योतिषी ने जेब से मोबाइल जबकि शिवशंकर यादव और एनएसयूआई प्रदेश सचिव अक्षय दुबे की जेब काटकर बदमाश उनका पर्स ले उड़े। उधर कैंट, कोतवाली थानों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं व आम लोगों ने रोड शो और कजलीवन मैदान में आमसभा के दौरान जेब कटने की शिकायत की है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो