सागर

हर पाषाण में भगवान छुपा होता है: मुनिश्री

प्राचीन जैन मंदिर में प्रवचन

सागरJul 18, 2019 / 01:00 am

vishnu soni

हर पाषाण में भगवान छुपा होता है: मुनिश्री

खुरई. प्राचीन जैन मंदिर में विराजमान मुनिश्री अभयसागर महाराज ने वीर शासन जयंती पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान महावीर को केवल्य ज्ञान की प्राप्ति के उपरांत 66वें दिन उनकी वाणी खिरी। भगवान महावीर के समवशरण में गौतम गणधर का आज के दिन अभिमान चकनाचूर हुआ था। भगवान महावीर के प्रथम शिष्य बनने का परम सौभाग्य गणधर स्वामी को मिला।
2545 वर्ष पूर्व से ही हम भगवान महावीर की देशना सुन रहे हैं परंतु अभी तक हमारा कल्याण क्यों नहीं हुआ इस पर विचार करना जरूरी है।
मुनिश्री ने कहा कि भगवान महावीर की वीर शासन जयंती पर हम सभी यहां पर एकत्रित हुए हैं। हममें और महावीर में कोई मौलिक अंतर नहीं है, अन्तर तो इतना है कि हम पाषाण रह गए और वे भगवान हो गए। हर पाषाण के अंदर भगवान छिपा होता है। हम कहते हैं कि शिल्पी पाषाण से भगवान बनाता है लेकिन वास्तविकता यह है कि शिल्पी बनाता कुछ नहीं है। शिल्पी केवल इतना करता है कि जो कुछ अनावश्यक है उसे काट-छाटकर अलग कर देता है, जिससे उस पाषाण का जो भव्य स्वरूप है वह स्वयमेव प्रकट हो उठता है और उसकी अभिव्यक्ति का नाम भगवत्ता की उपलब्धि है। हम सबके भीतर वही भगवत्ता है। मुनिश्री ने कहा कि भगवान महावीर आए और चले गए लेकिन हम सबके लिए यह कह गए कि तुम्हारे भीतर भी वही भगवत्ता है जिसकी तलाश में तुम इधर-उधर भागते हो। वह भगवत्ता कहीं बाहर नहीं तुम्हारे भीतर ही है। उसे पहचानने की कोशिश करो।
गुरुपूर्णिमा के पर्व पर भक्त गए वृंदावन, किया पूजन
खुरई. गुरुपूर्णिमा के पर्व पर खुरई से सैकड़ों लोग वृंदावन बांके बिहारी जी के दर्शन एवं गिरिराजजी की परिक्रमा करने पहुंचे। इस वर्ष खुरई क्षेत्र के बृज वंृदावनधाम सेवा मंडल एवं बांकेबिहारी सेवा समिति द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया, जहां पर लाखों लोगों ने भगवान की प्रसादी ग्रहण की। ज्ञातव्य है कि राहुल माहेश्वरी, विवेक ठाकुर, धर्मेन्द्र सिंह निर्तला, गोपाल नेमा एवं अन्य भक्तों द्वारा पिछले 11 वर्षों से गोवर्धन में भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस भंडारे में सेवा देने के लिए भी प्रतिवर्ष सैकड़ों भक्तगण गोवर्धन पहुंचते हैं। लगातार तीन दिनों तक यह भंडारे चलते हैं। पिछले वर्ष से अधिक लोगों को प्रसादी वितरण के उद्देश्य से बांकेबिहारी सेवा समिति द्वारा गणेशधाम के पास भी भंडारे का आयोजन प्रारंभ किया गया है।

Home / Sagar / हर पाषाण में भगवान छुपा होता है: मुनिश्री

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.