सागर

माखन चोर नंद किशोर, बांधी जिसने प्रीत की डोर

धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी: रात १२ बजे बजी बधइयां, नाचे भक्त

सागरSep 04, 2018 / 05:08 pm

manish Dubesy

janmashtami Krishna birth

सागर. नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की….। माखन चोर नंद किशोर, बांधी जिसने प्रीत की डोर। हरे कृष्ण-हरे मुरारी, पूजती जिन्हें दुनिया सारी….। कृष्ण-भक्ति के ये गीत रात १२ बजे श्रीकृष्ण के जन्म लेने के दौरान गंूजे। भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। वे कृष्ण की भक्ति में भावविभोर होकर झूमते-नाचते दिखे। बड़ा बाजार क्षेत्र के प्रसिद्ध कृष्ण मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। कृष्ण की झांकी की एक झलक पाने के लिए सभी आतुर थे। माहौल एेसा था, मानो, यहीं वृंदावन हो। महिलाएं भजन-कीर्तन कर रही थीं, यह दौर मंदिरों में रातभर चला। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे।
उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। घरों में भी नटखट नंदलाल की पूजा-अर्चना की गई। बाल गोपाल का नए वस्त्र, मुकुट, बांसुरी और आभूषण से श्रृंगार किया गया। जन्माष्टमी पर बाजार भी गुलजार रहे। मिनी वृंदावन से मशहूर बड़ा बाजार क्षेत्र के मंदिरों में सुबह से जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू हो गई थीं। द्वारिकाधीश मंदिर, देवश्री अटल बिहारी मंदिर, बिहारीजी मंदिर में आकर्षण साज-सज्जा की गई।
कविता ने भजनों से बांधा समां
गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह के गृह ग्राम बामोरा स्थित रूद्राक्ष धाम में जन्माष्टमी महोत्सव में पाश्र्व गायिका कविता पौडवाल के भजनों पर श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया। कई भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
धाम स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों का आना शुरू हो गया था। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया था। दोपहर २ बजे से कविता पौडवाल ने करीब तीन घंटे तक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में मौजूद बच्चों ने जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम में गृह मंत्री के अलावा महापौर अभय दरे, संभागायुक्त मनोहर दुबे, आइजी सतीश सक्सेेना, कलेक्टर आलोक कुमार सिंह, डीआइजी आरके जैन भी उपस्थित थे। इस मौके पर गायिका कविता पौडवाल के भजनों ने ऐसा समां बांधा कि एक के बाद एक भक्तिगीतों से ग्रामीण भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गए।
गौसेवा संघ ने की आरती
श्रीकृष्ण जन्माष्टी पर सोमवार को गौसेवा संघ ने के सेवको ने गौ माता की आरती का आयोजन किया। इस अवसर पर लोगों में गौ भक्ति जगाने का संकल्प भी लिया। संगठन मंत्री सोनू उपाध्याय ने बताया कि यह कार्यक्रम पारस टॉकीज के पास किया गया। शहर के सभी वार्डों में कार्यक्रम किए जाएंगे। कार्यक्रम में रत्नेश जडिय़ा, वीरेंद्र ठाकुर, वीरेंद्र मालथौन, बालकिशन सोनी, सचिन शर्मा, उभय मिश्रा, लोकेश तिवारी, विनय पांडे सहित अन्य गौ सेवकमौजूद थे।
बंदियों ने फोड़ी मटकी
केंद्रीय जेल परिसर में एक सप्ताह से चल रहे ध्यान एवं योग शिविर के समापन पर सोमवार को दोपहर में बैरक में कृष्ण जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान आयोजित प्रतियोगिता में बंदियों ने मटकी फोड़कर दही लूटा। उधर, भोपाल केंद्रीय जेल में जन्माष्टमी उत्सव के दौरान प्रदेश में शुरू की जाने वाली पांच खुली जेलों के रूप में मुख्यमंत्री ने इ-आेपनिंग के माध्यम से सागर जेल के शिलालेख का लोकार्पण किया।

 

 

 
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.