scriptस्मार्ट सिटी के मास्टर प्लान का सर्वे पूरा | Master Plan completed survey | Patrika News

स्मार्ट सिटी के मास्टर प्लान का सर्वे पूरा

locationसागरPublished: Sep 20, 2018 02:42:50 pm

Submitted by:

Samved Jain

मास्टर प्लान-2031 में क्षेत्र विशेष की प्लानिंग का हो रहा अध्ययन, तीन से चार महीने में तैयार होगा प्लान

स्मार्ट सिटी के मास्टर प्लान का सर्वे पूरा

स्मार्ट सिटी के मास्टर प्लान का सर्वे पूरा

सागर. स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के एबीडी (एरिया बेस्ड डवलपमेंट) क्षेत्र में चल रहे मास्टर प्लान का सर्वे पूर्ण हो गया है। एजेंसी ने करीब 30 दिनों तक यह सर्वे कार्य किया और चिह्नित 19 वार्डों की एक-एक गली की रिपोर्ट तैयार की। एसएससीएल (सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड) के सीइओ राहुल सिंह ने बताया कि सर्वे कार्य पूर्ण होने के बाद अब इस क्षेत्र के विकास के लिए नक्शा और डिजाइन आदि पर काम होगा। सर्वे की रिपोर्ट तैयार होने में लगभग तीन से चार महीने का समय लग सकता है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत एसएससीएल ने सिर्फ उसी क्षेत्र का सर्वे कराया है, जहां एडीबी के तहत विकास कार्य होने हैं। इस क्षेत्र का नया मास्टर प्लान बनाया जा रहा है। सीइओ सिंह ने बताया कि मास्टर प्लान-2031 में इस क्षेत्र के लिए क्या प्रावधान किया गया है, एजेंसी इस बात का भी अध्ययन करेगी और फिर उसी आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के बाद यह पता चल जाएगा कि कहां पर कितनी जमीन है और अलग-अलग विकास व निर्माण कार्यों के लिए कितनी जमीन की जरुरत है और वर्तमान में कितनी उपलब्धता है।
रिपोर्ट महत्वपूर्ण
एबीडी के तहत कटरा, परकोटा, कोतवाली जैसे पुराने क्षेत्र में विकास कार्य के लिए चिह्नित हैं, जिसके कारण स्मार्ट सिटी का मास्टर प्लान पुराने शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। इसी प्लान के मुताबिक एबीडी क्षेत्र में विकास कार्य होंगे। एबीडी क्षेत्र में करीब १३८५ करोड़ रुपए की राशि खर्च करने की प्लानिंग बनाई गई है।
वर्कशॉप में सीइओ
मुंबई में आयोजित हो रही स्मार्ट सिटी की वर्कशॉप में सागर की ओर से सीइओ राहुल सिंह शामिल हुए। उन्होंने बताया कि इस वर्कशॉप में आने वाले समय में कैसे प्लानिंग करनी है, इसकी बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है। वर्कशॉप तीन से चार दिन तक आयोजित होगी।
फैक्ट फाइल
19 वार्डों में हुआ है सर्वे।
908 एकड़ का क्षेत्र एबीडी के रूप में है चिह्नित।
1384 करोड़ रुपए की राशि एबीडी क्षेत्र में होगी खर्च।
6841 करोड़ है कुल अनुमानित प्रोजेक्ट कॉस्ट।
– एबीडी एरिया में चल रहा मास्टर प्लान का सर्वे पूर्ण हो गया है। रिपोर्ट तैयार होने में लगभग तीन से चार महीने का समय लग सकता है। यह मास्टर प्लान बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।
राहुल सिंह, सीइओ, एसएससीएल
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो