सागर

18 साल बाद ऐसा आया दिन, रात के मौसम की कर ली बराबरी, लोग रह गए सन्न

दोपहर के बाद तापमान दो डिग्री ही बढ़कर 18.2 डिग्री पर पहुंच सका।

सागरFeb 08, 2018 / 11:55 am

शशिकांत धिमोले

18 years of record broken, Hashkampa cold … mercury of 18

सागर. हाड़कंपाऊ ठंड ने बुधवार को 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिन और रात के तापमान में मामूली सा फर्क रह गया। कोहरे से लिपटी सुबह का तापमान मात्र 16 डिग्री रहा, वहीं दोपहर के बाद तापमान दो डिग्री ही बढ़कर 18.2 डिग्री पर पहुंच सका।
सामान्य से 8 डिग्री कम तापमान होने और छह किलोमीटर की रफ्तार से सर्द हवा चलने के कारण लोग कांप उठे। रही-सही कसर बूंदाबांदी ने पूरी कर दी। इस वर्ष सीजन का सबसे ठंडा दिन बुधवार ही दर्ज किया गया। इससे पहले 7 फरवरी को कभी भी इतना कम तापमान नहीं रहा था। 18 साल पहले वर्ष 2000 में 7 फरवरी को तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया था।
राहत की उम्मीद कम
अभी आने वाले कुछ दिन इस स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद भी नहीं है। बुधवार की सुबह पूरा शहर कोहरे की आगोश में सिमटा रहा। पूरे दिन सूरज नहीं निकला। धूप न निकलने की वजह से ठंड का अहसास ज्यादा हुआ। वहीं पश्चिम की ओर से तकरीबन ६ किलोमीटर रफ्तार से चली हवा ने ठंड और बढ़ा दी। इस वजह से गलन ऐसी रही कि गर्म कपड़ों में भी लोग कांपते रहे। रजाई में दुबके लोगों को भी बस नाम की राहत मिल पा रही थी।
बच्चों और बुजुर्गों को बड़ा खतरा
सर्दियों का मौसम अपने साथ सेहत से जुड़ी कई समस्याएं लेकर आता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को शीत लहर से खतरा बढ़ जाता है। हृदय रोग विशेषज्ञ ने डॉ. अमिताभ जैन ने बताया कि सर्दियों में रक्तवाहिनियां सिकुड़ जाती हैं, जिसका असर हृदय को खून पहुंचाने वाली धमनियों पर पड़ता है। यही वजह है कि सर्दी में हृदय रोगियों को हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। अस्पताल में मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
दो दिन शीतलहर की चेतावनी
मौसम केंद्र भोपाल ने चेतावनी दी है कि गुरुवार को शहर में शीतलहर चलेगी। उत्तर भारत से आ रही हवाओं के कारण ठंड बढ़ रही है। गुरुवार को भी शहर में कोहरा छाया रहेगा। शहर में सुबह और देर शाम तक कोहरा छाएगा। कोहरे की वजह से ठंड बढ़ रही है। पूरे दिन ठंडक का एहसास होगा। अधिकतम तापमान २१ डिसे. और न्यूमतम तापमान ८.० डिग्री रहने की संभावना है। अभी आने वाले दो दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

दिनभर ऐसी रही पारे की चाल
सुबह ५.३० बजे १६.८
सुबह ८.३० बजे १६.०
सुबह ११.३० बजे १६.६
दोपहर ०२.३० बजे १७.४
शाम ५.३० बजे १७.०
(पारा डिग्री सेल्सियस में है)

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.