scriptvideo : रहस लोकोत्सव में राज्यपाल ने दिया गरीबी दूर करने का मंत्र, आप भी जानिए | rahas lokotsav inauguration by governor in garhakota sagar | Patrika News

video : रहस लोकोत्सव में राज्यपाल ने दिया गरीबी दूर करने का मंत्र, आप भी जानिए

locationसागरPublished: Feb 23, 2018 02:46:20 am

राज्यपाल ने शिक्षा को बताया गरीबी दूर करने का मंत्र

rahas lokotsav inauguration by governor in garhakota sagar

rahas lokotsav inauguration by governor in garhakota sagar

गढ़ाकोटा/रहली. किसी महिला ने दरी बनाई तो किसी ने टोकरी, अगरबत्ती बनाई। ये देखकर मुझे बहुत खुशी हुई है। आप इससे भी अधिक कार्य कर सकती हैं। गरीबी दूर करने का एक ही मंत्र है शिक्षा। आपके घर में लड़की हो या लड़का दोनों को समान रूप से पढ़ाना है। यहां से संकल्प करके जाइए कि परिवार में कोई भी अनपढ़ नहीं रहेगा। पढ़ाई से केवल सर्टिफिकेट नहीं मिलता, इससे संस्कार भी मिलते हैं।


यह बात राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कही। अवसर था गढ़ाकोटा में गुरुवार को पांच दिवसीय रहस लोकोत्सव 2018 के शुभारंभ का। उन्होंने स्व सहायता समूह से जुड़ीं महिलाओं के कार्यों पर खुशी जताई और महिलाओं सहित राज्य सरकार को धन्यवाद दिया। सागर जिला अस्पताल के निरीक्षण का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने महिलाओं को बीमारियों के प्रति सचेत किया और गर्भाशय सम्बंधी बीमारी के प्रति जागरूक होने की बात कही।

 


पैड वुमन गांव-गांव जाकर बेचेंगी नैपकिन

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव ने आजीविका मिशन के बारे में जानकारी देते हुए कहा विधानसभा क्षेत्र में 214 गांवों में 2 हजार समूह गठित कर 21 हजार से ज्यादा परिवारों को जोड़ा गया है। करीब डेढ़ हजार समूहों को रिवॉल्विंग फंड एवं सामुदायिक निवेश निधि से लगभग पांच करोड़ रुपए लेन-देन के लिए दिए गए हैं। सबसे बड़ी बात सभी समूहों में एक भी समूह डिफॉल्टर नहीं है। एक भी कर्ज एनपीए के दायरे में नहीं आया। इसका लाभ समूहों को आगामी कर्ज में मिलेगा। उन्होंने बताया कि आगामी समय में पैड वुमन गांव-गांव में सेनेटरी नैपकिन बनाकर सस्ते दामों में बेचेंगी। इसके प्रति जन जागृति के मकसद से सम्मेलन में आने वालीं 50 हजार महिला हितग्राहियों को सेनेटरी नैपकिन का नि:शुल्क वितरण कराया जा रहा है।

 


उन्होंने उल्लेख किया कि 54 प्रतिशत महिलाएं पंचायती राज में सेवाएं दे रही हैं। 34 जिलों की जिला पंचायत अध्यक्ष महिलाएं हैं। रहली विधानसभा क्षेत्र में 17 हजार कन्याओं के विवाह 16 वर्ष में करवाए गए हैं। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में राज्यपाल ने महाराजा मर्दन सिंह जूदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों का निरीक्षण किया।

 


राज्यपाल ने किए वितरित

28 लाख रुपए का चेक 12 स्वसहायता समूहों के संगठन की आजीविका वृद्धि के लिए।
12.50 लाख रुपए का चेक स्वसहायता समूह को नवाचार तकनीकी ज्ञान एवं उत्थान के लिए।
यूपी में कौशल विकास का प्रशिक्षण लेकर अपने जीवन को संवारने वाली महिलाओं के समूह को यूपी सरकार द्वारा प्रदत्त मानदेय राशि तथा आजीविका मिशन के तहत उल्लेखनीय कार्य करने वालीं महिलाओं को समूह द्वारा तैयार उत्पादों के गिफ्ट पैक।

 


कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
विशिष्ट अतिथि के रूप में बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामकृष्ण कुसमरिया, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष लता वानखेड़े, डॉ. हरिसिंह गौर विवि के कुलपति आरपी तिवारी, विधायक पारुल साहू उपस्थित रहीं। अतिथियों का स्वागत लघु वनोपज संघ अध्यक्ष महेश कोरी, जनपद अध्यक्ष संजय दुबे, नगर पालिका गढ़ाकोटा अध्यक्ष भरत चौरसिया ने किया। संचालन सहायक शिक्षा अधिकारी धीरेन्द्र मिश्रा ने किया। आभार आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक भार्गव ने माना।

आज यह कार्यक्रम होंगे आयोजित
राज्य स्तरीय पंचायतीराज सम्मेलन, स्वच्छता सम्मेलन एवं जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन शुक्रवार को होगा। मुख्य अतिथि केेंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर होंगे। प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन एवं 101 नर्तकियों द्वारा बुन्देली नृत्य राई पेश किया जाएगा। इसके अलावा विदेशी कलाकार भी प्रस्तुति देंगे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो