केंद्रीय विवि के रजिस्ट्रार ने पद से दिया त्यागपत्र
केंद्रीय विवि के रजिस्ट्रार ने पद से दिया त्यागपत्र

सागर. डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विवि के रजिस्ट्रार कैप्टन विवेक दुबे ने त्याग पत्र दे दिया। दो दिन से उनके त्यागपत्र की चर्चा थी, लेकिन अधिकृत रूप से कोई पुष्टि नहीं कर रहा था। बुधवार को स्वयं रजिस्ट्रार ने इसका खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें निजी कारणों से दिल्ली वापस जाना है। साथ ही पिछले दिनों दिल्ली के एक पुराने इंस्टीट्यूट से उन्हें ऑफर मिला था, जिसे उन्होंने मंजूर कर लिया है। हालांकि अभी कुलपति प्रो. आरपी तिवारी ने त्याग पत्र को मंजूर नहीं किया है।
दोपहर को जैसे ही यह खबर एम्प्लाइज यूनियन को लगी तो वे शाम 5 बजे मुख्य कार्यालय में एकत्रित हुए और रजिस्ट्रार से मिलने पहुंचे। यहां उन्होंने दुबे से इस्तीफा वापस लेने की मांग की। साथ ही इसके लिए कर्मचारियों ने धरने पर बैठ जाने की भी बात कही। मौके पर पहले से ही मौजूद शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो.एपी दुबे ने भी इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया, लेकिन दुबे ने उन्हें निजी समस्या का हवाला दिया।
यहां से सभी कर्मचारी कुलपति प्रो. तिवारी से भी मिले और उनसे रजिस्ट्रार का इस्तीफा स्वीकार ना करने का आग्रह किया। इस मौके पर कुछ कर्मचारी भावुक भी हो गए थे। यहां से मामला आगे बढ़ा और कुलपति भी रजिस्ट्रार से मिलने उनके ऑफिस गए, जहां उन्होंने कर्मचारियों की ओर से बात रखी। और कर्मचारियों की समस्याओ से अवगत भी कराया गया है। उन्हें शीघ्र हल करने की बात कही। जिससे कर्मचारियों को किसी तरह की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े।
अनबन की चर्चा
पूरे मामले को लेकर चर्चा रही कि रजिस्ट्रार और कुलपति के बीच किसी बात को लेकर अनबन हुई थी। इसी को लेकर दुबे ने इस्तीफा दिया है। हालांकि रजिस्ट्रार दुबे ने कुलपति से किसी भी प्रकार के विवाद से इनकार किया है। उनका कहना था किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।
अब पाइए अपने शहर ( Sagar News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज