सागर

गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों के साथ विराजे विघ्नहर्ता

गणेश चतुर्थी पर शुक्रवार को भगवान गणेश की प्रतिमाओं की उत्साह के साथ स्थापना की गई। घर-घर में लोगों ने गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की,वहीं सार्वजनिक पंडालों पर गणेशोत्सव समितियों ने बैंड-बाजे के साथ गणपति प्रतिमाओं को स्थापित किया।

सागरSep 10, 2021 / 08:42 pm

Atul sharma

सागर.गणेश चतुर्थी पर शुक्रवार को भगवान गणेश की प्रतिमाओं की उत्साह के साथ स्थापना की गई। घर-घर में लोगों ने गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की,वहीं सार्वजनिक पंडालों पर गणेशोत्सव समितियों ने बैंड-बाजे के साथ गणपति प्रतिमाओं को स्थापित किया। बाजार में लोग दिनभर लोग अपनी सुविधा से प्रतिमाएं ले जाते दिखे। शहर में अगले 1० दिन तक अब गणेशोत्सव की धूम रहेगी। पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण की वजह से सार्वजनिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना नहीं हुई थी, लेकिन इस वर्ष पहले की तरह ही उत्साह नजर आ रहा है। पूरा शहर रोशनी से जगमग हो रहा है।
भगवान गणेश के प्रिय भोग लड्डू के साथ पूजन व सजावट सामग्री की मांग बढ़ गई है। बाजार में दुकानों के बाहर तक स्टॉल लगाए गए हैं। गणेशोत्सव समितियों ने पंडालों पर और लोगों ने घरों में शुभ मुहूर्त पर श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की। विघ्नहर्ता की मूर्तियों को बाजे-गाजे के साथ स्थापना स्थल लाया गया। यहां पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा स्थापित की। नगर के चौक-चौराहों पर पंडाल लगाकर आकर्षण लाइटिंग की गई है।
प्रतिमा लेने बाजार पहुंचे श्रद्धालु
गणेशोत्सव के चलते कटरा बाजार में शुक्रवार को भी सुबह से गणेशजी की प्रतिमाएं लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। बच्चे अपने प्रिय भगवान को घर ले जाने के लिए बाजार पहुंचे और गणपति की प्रतिमा घर ले गए। कटरा बाजार, सिविल लाइन, राहतगढ़ बस स्टेण्ड, मकरोनिया व शहर में अन्य स्थानों पर लगी दुकानों में मंगलमूर्ति श्रीगणेश की सुंदर प्रतिमाएं भक्तों को आकर्षित कर रही हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.