सागर

गिर रहा शहर का तापमान, गर्म कपड़ों में नजर आ रहे लोग

– दुकानों पर बड़ी गर्म कपड़ों की मांग, लोगों को लुभा रही है मुरैना की गजक

सागरDec 07, 2019 / 07:39 pm

रेशु जैन

 

सागर. दिसम्बर माह शुरू होने के साथ ही सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। तापमान में गिरावट होने की वजह से सुबह-शाम सर्दी ज्यादा जोर दिखा रही है। पिछले दो-तीन दिन से तापमान में ज्यादा गिरावट आई है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाना शुरू हो गया है। जिसके चलते लोगों की दिनचर्या, पहनावे व खानपान में परिवर्तन आया है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से १ डिग्री कम २४.१ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम १२.३ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भाने लगे गर्म कपड़े
सर्दी शुरु होने के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़े बाहर निकाल लिए है, वही नए कपड़ो की बिक्री भी बढऩे लगी है। गर्म कपड़ों की दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी है। लोग अपनी जरुरत व पसंद के अनुसार कपड़े खरीदने आ रहे है। शहर में कटरा बाजार के साथ तिब्बती बाजार में भी गर्म कपड़े खरीदने लोग पहुंच रहे हैं। शहर में लगे बाजारों में बच्चों और बुजुर्गों के लिए सॉल, दस्ताने, इनर, मोजे, स्वेटर, मंकी टोपा और डिजाइनर टोपों की वेरायटी मिल रही है। वहीं महिलाओं और पुरुषों के लिए भी गर्म कपड़ों का अच्छा कलेक्शन है। महिलाएं ज्यादा तर फुल स्वेटर, स्र्काफ, नार्मल और गर्म मोजों के साथ सॉल की खरीददारी करती हैं वहीं पुरुषों मे सबसे ज्यादा हाफ स्वेटर हाफ टोपा, मफलर फुल दस्ताने, जर्सी की डिमांड ज्यादा रहती है।

युवाओं में डिजाइनर कपड़ों का क्रेज

गर्म कपड़ों मे युवाओं को हल्के डिजायनर कपड़े खूब पसंद आ रहे हैं। बाजार में डिजाइनर कपड़ों की कई सारी वेरायटी उपलब्ध है जिनमे फिंगर कट ग्लब्स, प्रिंट कैप, हाफ कैप, डीप लेंथ कैप, फंकी कैप, शॉर्ट मफलर हल्के स्वेटर हाफ और फुल दोनो एंकर लेंथ ऊनी सॉक्स और खास कर लेदर जैकेट और फिंगर कट ग्लब्स का क्रेज लड़कों में ज्यादा है। वहीं लड़कियों में प्रिंटेड एंकर लेंथ सॉक्स, नूरी कैप, फुल पिंक ग्लब्स, डिजाइनर लटकन कैप, फ्लावर डिजाइन कैप और शॉट लेदर जैकेट की डिमांड सबसे ज्यादा होती है।

बदला मुंह का स्वाद

सर्दी के चलते लोगों का जायका भी बदल गया है। लोग ठण्डी चीजों की जगह गर्म तासीर वाले व्यंजन पसंद करने लगें है। शहर में जगह-जगह गजक की दुकानें लगने लगी है। जहां लोग अपनी पसंद के अनुसार मावाबाटी, तिलपट्टी, रेवड़ी, व गुड़ से बनी विभिन्न वैरायटी की गजक की खरीदारी करते देखे जा सकते हैं। बाजार में मुरैना की गजक की ज्यादा मांग की जा रही है।

Home / Sagar / गिर रहा शहर का तापमान, गर्म कपड़ों में नजर आ रहे लोग

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.