सहारनपुर

विपक्ष को मौका मिला तो वो जिन्ना के नाम पर रख देंगे शाकम्भरी देवी यूनिवर्सिटी का नाम: सुरेश राणा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में शाकम्भरी देवी यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया। इस मौके पर गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने लोगों से कहा कि अगर विपक्ष काे वोट दी तो वो इस यूनिवर्सिटी का नाम भी जिन्ना के नाम पर रख देंगे।

सहारनपुरDec 02, 2021 / 11:08 pm

Shivmani Tyagi

मंच पर मौजूद अमित शाह और योगी आदित्यनाथ

सहारनपुर. चुनाव 2022 से पहले गुरुवार को उत्तर प्रदेश को एक और यूनिवर्सिटी की सौगात मिल गई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह व यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर के पुवांरका ब्लाक क्षेत्र में मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। इस मौके पर जनसभा काे संबोधित करते हुए गन्ना सुरेश राणा ने लोगों से कहा कि अगर यूपी आपने विपक्ष को मौका दे दिया तो वो इस यूनिवर्सिटी का नाम भी जिन्ना के नाम पर रख देंगे।
दरअसल, यूपी के सहारनपुर में दशकों से यूनिवर्सिटी की मांग की जा रही थी। भाजपा ने दशकों से चली आ रही सहारनपुर के लोगों की इस मांग को पूरा कर दिया है। यहां करीब 92 करोड़ की लागत से ब्लाक पुवांरका क्षेत्र की 50.43 एकड़ भूमि पर यूनिवर्सिटी का निर्माण होगा। यह निर्माण कार्य भी महज 18 महीनों में पूरा कर लिए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी यूनिवर्सिटी का शिल्यान्यास करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भाजपा की सरकार है जिसने यूपी की जनता को सुरक्षित माहौल दिया है। जिन लोगों ने पूर्व की सरकारों में गलत तरीके से संपत्तियों पर कब्जा किया था उनसे संपत्ति काे कब्जा मुक्त कराया है उनकी संपत्ति पर बुल्डोजर चलवाए गए हैं। यह भी कहा कि पूर्व की सरकार डीजे पर रोक लगाती थी लेकिन भाजपा सरकार ने कांवड़ यात्रा में डीजे बजवाए हैं। यूपी में जब से भाजपा की सरकार आई यहां दंगे नहीं हुए और हर त्यौहार खुशी से मनाया जाता है अब यहां पलायन नहीं होता।
गृह मंत्री अमित शाह ने इसी मंच से चुनाव 2022 के लिए किसान, दलित और नौकरीपेशा से लेकर हर वर्ग और धर्म के लोगों को साधने की कोशिश करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का मान दुनिया में और बढ़ाया है। कश्मीर से धारा 370 खत्म करके और ट्रिपल तलाक कानून लाकर इतिहास रचा है। गन्ना भुगतान की बात कहते हुए उन्हाेंने यह भी कहा कि पूर्व की सरकारों में चीनी मिलें बेची जाती थी किसानों काे भुगतान नहीं दिया जाता था लेकिन अब चीनी मिलें चलती है और समय से गन्ना भुगतान हो रहा है। उन्हाेंने हर में गैस सिलेंडर, हर घर में शौचालय और स्वास्थ्य बीमा योजना का जिक्र करते हुए सभी वर्गों काे छूने की कोशिश करते हुए आगामी चुनाव में भाजपा काे भारी मतों से जिताने का आह्वान किया। इतना ही नहीं यूपी से 300 सीट देने का आह्वान करते हुए मुट्ठी बंद करवाकर विजय संकल्प दिलवाया।
दरअसल यूपी में 2022 में विधान सभा चुनाव होने हैं। अब समय काफी कम रह गया है। दिल्ली की कुर्सी का रास्ता यूपी की राजनीति से हाेकर जाता है और यही कारण है कि इन विधान सभा चुनाव काे लेकर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी बेहद गंभीर है। इसी के चलते उत्तर प्रदेश की चुनावी गतिविधियों में केंद्रीय नेतृत्व की भागेदारी बढ़ती जा रही है। गृह मंत्री अमित शाह इससे पहले वाराणसी और लखनऊ में सभा कर चुके हैं अब उन्होंने सहारनपुर में जनसभा का संबोधित किया और भाजपा के लिए वोट मांगी।
भाजपा ने 2017 के चुनाव में भी अपनी विजय संकल्प यात्रा की शुरूआत सहारनपुर से ही की थी। ऐसे में यही कहा जा रहा है कि अब इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने एक बार फिर से यूपी में चुनाव 2022 की तैयारियों का शंखनाद कर दिया है। वर्ष 2017 में भाजपा ने सहारनपुर से अपनी विजय संकल्प यात्रा शुरू करते हुए यूपी की कुल 403 सीटों में से 312 सीट जीतकर प्रचंड बहुमत हांसिल किया था। इस बार भी भाजपा यूपी में सर्वाधिक सीटें जीतना चाहती है। यही कारण है कि इस बार भी भाजपा ने सहारनपुर से ही चुनावी तैयारियों का शंखनाद किया है।
यह भी पढ़ें

राहुल-प्रियंका के 11 पीढ़ियों के पुरोहित की भविष्यवाणी, इन ग्रहों के योग से यूपी जीतेंगी प्रियंका

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.