script

भारी संघर्ष के बाद बने मेयर, शपथ लेते ही बोले ये तो बहुत बड़ी चुनौती है

locationसहारनपुरPublished: Dec 12, 2017 09:31:19 pm

मेयर की कुर्सी संभालते ही बोले संजीव वालिया, सहारनपुर मेरे लिए बड़ी चुनौती

saharanpur

सहारनपुर/ शिवमणि त्यागी. मेयर की कुर्सी पर बैठते ही सहारनपुर के पहले महापौर संजीव वालिया ने कहा है कि सहारनपुर उनके लिए निश्चित रूप से बड़ी चुनौती है। यानी संजीव वालिया मेयर की कुर्सी को चुनौती के रूप में देख रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लखनऊ से जारी संकल्प पत्र के आधार पर कार्य होंगे। भाजपा ने निगमों की जनता से जो वायदें किए हैं, उन्हें निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा। मेयर ने कहा कि अच्छा बोर्ड मिला है और सभी को साथ लेकर पूरे शहर में विकास किया जाएगा।

यह रहेंगी प्राथमिकता
सहारनपुर के पहले मेयर संजीव वालिया ने महापौर की कुर्सी पर बैठते ही पत्रिका के साथ अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सहारनपुर में जाम की बड़ी समस्या है। इसके लिए बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। सहारनपुर शहर को स्मार्ट सिटी और एनसीआर में शामिल कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके अलावा विकास कार्यों को मिल-जुलकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अच्छा बोर्ड मिला है और सबका साथ सबका विकास की सोच के साथ विकास कार्य कराएंगे।

पॉश कॉलोनियों से सख्ती के साथ हटाया जाएगा अतिक्रमण
सहारनपुर के पहले महापौर का यह बयान शहर के धनाढ्य लोगों को परेशान कर सकता है। एक सवाल के जवाब में महापौर ने कहा है कि अतिक्रमण को हटाना उनकी प्राथमिकता है। सबसे पहले सहारनपुर की पॉश कॉलोनियों और मुख्य बाजारों से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। यहां हम आपको बताना चाहते हैं कि सहारनपुर की पॉश कालोनियों में सबसे ज्यादा अतिक्रमण है। इन कालोनियों में बड़ी-बड़ी कोठियों को लोगों ने रास्तों तक बढ़ा लिया है, जिससे रास्ते संकरे हो गए हैं और लोगों ने अपनी कोठियों को बड़ा कर लिया है। उन्होंने कहा कि यह स्थाई अतिक्रमण है, जिसकी ओर अभी तक न तो किसी ने ध्यान दिया है और न ही कोई यह हिम्मत जुटा पाया है। धनाड्य वर्ग से इन गैरकानूनी कब्जों को हटवाया जा सके। अब देखना यह है कि महापौर यह करवा पाएंगे या नहीं।
सहारनपुर की जनता के लिए यह बोले महापौर
मेयर की कुर्सी पर बैठते ही सहारनपुर के पहले महापौर संजीव वालिया ने सहारनपुर की जनता के लिए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नारे सबका साथ सबका विकास, इसी नारे के साथ सहारनपुर में विकास कार्य होने हैं और निश्चित रुप से पूरे बोर्ड के साथ सहारनपुर में विकास कार्य कराया जाएगा।
जानिए आप कब मिल सकते हैं महापौर से
सहारनपुर के पहले महापौर ने सहारनपुर की जनता के लिए सप्ताह में 3 दिन महज 2-2 घंटे नियत किए हैं। यानि शहर की जनता महापौर से सप्ताह में 3 दिन 11:00 से 1:00 मिल सकेगी। यह दिन कौन से होंगे, इसकी अभी आधिकारिक रूप से घोषणा नहीं की गई है। पत्रिका से बात करते हुए महापौर ने बताया कि 3 दिन वह निगम के अन्य कार्यों के लिए अधिकारियों के साथ बैठक किया करेंगे और 3 दिन उन्होंने जनता से मिलने के लिए रखे हैं। यह अलग बात है कि सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे तक सातों दिन उनके कैंप कार्यालय पर जनता के लिए दरवाजे खुले रहेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो