आपसी विवाद में पुलिस को बनाया निशाना, लाठी चटकाई तो भागे
बिहार के समस्तीपुर में शनिवार को लोगों ने आपसी विवाद के बाद पुलिस पर भी हमला कर दिया। बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र की दुधपुरा पंचायत के बलभद्रपुर में दो पक्षों के बीच जमकर...

समस्तीपुर. बिहार के समस्तीपुर में शनिवार को लोगों ने आपसी विवाद के बाद पुलिस पर भी हमला कर दिया। बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र की दुधपुरा पंचायत के बलभद्रपुर में दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। लोग सडक़ों पर उतर आए। टायर जलाकर आगजनी की। सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाने की टीम पर पथराव कर दिया। पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उपद्रवियों को शांत कराने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। दो महिला समेत आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटनास्थल के आसपास के इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात आपसी विवाद को लेकर गांव के ही दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। इससे आक्रोशित एक गुट के लोगों ने शनिवार को बलभद्रपुर के निकट बांस-बल्ली लगाकर सडक़ जाम कर दी। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर दल-बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने सडक़ जाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखते ही लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। वे पुलिस टीम पर पथराव करने लगे। इस दौरान उन्होंने वाहन का शीशा तोड़ दिया। उपद्रवियों को शांत करने के लिए पुलिस ने लाठियां चटकाते हुए भीड़ को तितर-बितर कर दिया। अचानक कार्रवाई के बाद अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। लगभग आधा घंटा तक घटनास्थल रणक्षेत्र बना रहा। सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस कर्मी समेत कई लोग चोटिल हुए। दो महिला समेत आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही। इस संबंध में एसपी विकास बर्मन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही। इस बाबत एक पक्ष द्वारा प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तीन आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
अब पाइए अपने शहर ( Samastipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज