Unchahar Assembly Seat : कांग्रेस के गढ़ में जनता बेहाल, सड़कों में गड्ढे या गड्ढों में सड़क, फर्क कर पाना मुश्किल
रायबरेलीPublished: Dec 11, 2021 06:00:51 pm
Unchahar Assembly Seat : 'पत्रिका' ग्रुप जनता और समाचार पत्र के बीच सीधे संवाद को मान्यता देता है, जन की आवाज सरकार और सरकार की बात जनता तक आसानी से पहुंच सके। इसी को लेकर कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली में 12 दिसंबर रविवार को 'पत्रिका' का संवाद सेतु कार्यक्रम होगा, जिसमें 'पत्रिका' ग्रुप के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी संबोधित करेंगे।


रायबरेली. भारतीय जनता पार्टी 2017 की तर्ज पर इस बार 2022 में भी अपना परचम लहराने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। इस बार उन सीटों पर भी भाजपा की पूरी कोशिश कर रही है, जहां पिछली बार भारतीय जनता पार्टी का कमल नहीं खिल सका था। रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा भी ऐसी ही सीट है। यहां समाजवादी पार्टी लगातार दो बार जीत हासिल कर चुकी है। 2012 और 2017 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मनोज पांडेय ही लगातार जीत रहे हैं। लेकिन, विकास के नाम वह यहां की जनता को कुछ खास नहीं दे सके हैं। यहां की सड़के इतनी जर्जर है कि यह पता नहीं चल पाता कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। इसी के साथ ऊंचाहार में बने पुल सालों से जर्जर हैं। इस कारण हजारों लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। रोजगार के संसाधन कम होने के कारण यहां से आए दिन युवा पलायन कर जाते हैं। चुनावों में नेता बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतते ही वह क्षेत्र को भूल जाते हैं। जनता के इन्हीं मुद्दों को उठाने के लिए 12 दिसंबर रविवार को 'पत्रिका' का संवाद सेतु कार्यक्रम होगा, जिसके माध्यम से जनता की बात सरकार और सरकार की बात जनता तक पहुंचाई जाएगी। इस कार्यक्रम में खुद 'पत्रिका' समूह के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी मौजूद रहेंगे और क्षेत्र के प्रबुद्ध वर्ग से कम से कम पांच प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे।