scriptपंजाब में आम आदमी पार्टी और अकाली दल-टकसाली के बीच सीटों के बटवारे पर हुई वार्ता | Aam Aadmi Party and Akali Dal-Taksali planning to make alliance | Patrika News

पंजाब में आम आदमी पार्टी और अकाली दल-टकसाली के बीच सीटों के बटवारे पर हुई वार्ता

locationसैनग्रूरPublished: Mar 07, 2019 06:12:27 pm

Submitted by:

Prateek

वार्ता के बाद आम आदमी पार्टी पंजाब के संयोजक एवं संगरूर से सांसद भगवन्त मान ने पत्रकारों को बताया कि दोनों पक्षों के बीच प्रदेश की सभी 13 लोकसभा सीटों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है…

(चंडीगढ, संगरूर): पंजाब में आम आदमी पार्टी और अकाली दल-टकसाली के बीच लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन के प्रस्ताव पर सीटों के बटवारे को लेकर गुरूवार को यहां लम्बी वार्ता हुई और दोनों पक्षों ने वार्ता जारी रखने का फैसला किया।

 

वार्ता के बाद आम आदमी पार्टी पंजाब के संयोजक एवं संगरूर से सांसद भगवन्त मान ने पत्रकारों को बताया कि दोनों पक्षों के बीच प्रदेश की सभी 13 लोकसभा सीटों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है। अभी कोई फैसला नहीं किया गया है लेकिन वार्ता और आगे जारी रखने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अकाली दल और कांग्रेस की मिलीभगत का खुलासा हो गया है। ऐसे में प्रदेश को ईमानदार शासन देने की तैयारी की जा रही है।

 

वार्ता में आम आदमी पार्टी की ओर से नेता प्रतिपक्ष हरपाल चीमा भी शामिल हुए। अकाली दल-टकसाली की ओर से पार्टी के प्रमुख रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा और अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। ब्रह्मपुरा ने कुछ माह पहले शिरोमणि अकाली दल से इस्तीफा देकर अकाली दल-टकसाली का गठन किया था। ब्रह्मपुरा ने बताया कि वार्ता में पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चर्चा हुई है। वार्ता सकारात्मक रही और वार्ता जारी रखने का फैसला किया गया है। वार्ता में किसी एक सीट विशेष के कारण गतिरोध पैदा होने से उन्होंने इनकार किया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो