script

Covid-19 से रामनगर के 17 वर्षीय किशोर की मौत

locationसतनाPublished: Jun 13, 2021 01:22:00 am

Submitted by:

Pushpendra pandey

तीसरी लहर की आशंका के बीच स्वास्थ्य अधिकारी चिंतित
 

 Covid-19 in satna

Covid-19 in satna

सतना. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर से रेफर कोरोना पॉजिटिव १७ वर्षीय किशोर ने जिला अस्पताल कोविद-१९ आइसीयू में शनिवार की दोपहर दम तोड़ दिया। तीसरी लहर की आशंकाओं के बीच किशोर की मौत के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों के माथे पर चिंता की लकीर खिंच गई है। किशोर को गंभीर हालत में शुक्रवार को उल्टी-दस्त होने पर रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। किशोर कोविद-१९ जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उसका ऑक्सीजन लेवल घटता जा रहा था।
स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप
चिकित्सकों के मुताबिक, रामनगर के अरगट गांव निवासी किशोर बीते एक सप्ताह से बीमार था। परिजन उसका इलाज पहले रीवा में कराते रहे, जब आराम नहीं मिला तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचे। उसे उल्टी-दस्त की शिकायत बताकर भर्ती कराया गया था। उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और ऑक्सीजन लेवल गिरता जा रहा था। चिकित्सकों को आशंका हुई कि कहीं वह कोरोना संक्रमित तो नहीं है। एहतियातन फीवर क्लीनिक में रैपिड एंटीजन कोविद-१९ टेस्ट कराया। इसमें वह कोरोना पॉजिटिव पाया था। गंभीर हालत में शुक्रवार दोपहर जिला अस्पताल रेफर किया गया था। उसे कोविद-19 आईसीयू में दाखिल कराया गया। उसने इलाज के दौरान शनिवार दोपहर दम तोड़ दिया। तीसरी लहर की आशंकाओं के बीच किशोर की मौत से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया।
परिजनों के आज लेंगे सैंपल
किशोर के कोरोना संक्रमित पाने के बाद अब उसके परिजनों के भी सैंपल लिए जाएंगे। पहले शनिवार का दिन तय किया गया था, लेकिन किशोर के दम तोडऩे के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को सैंपल लेगी।
धीरे-धीरे बढ़ रहे बच्चों के मामले
कोरोना की तीसरी लहर की आशंकाओं के बीच जिले में बच्चों के संक्रमित होने के मामले धीरे-धीरे बढऩे लगे हैं। ११ दिन में तीन बच्चे कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सबसे पहले अमरपाटन के चोरखरी गांव का ६ वर्षीय मासूम संक्रमित पाया गया था। इसके बाद अर्जुनपुर का १५ वर्षीय किशोर पॉजिटिव पाया गया था। अब रामनगर के अरगट गांव का १७ वर्षीय किशोर संक्रमित पाया गया है।
दूसरी लहर में 150 से ज्यादा मासूम संक्रमित
सीएमएचओ दफ्तर स्थित इंटीग्रेटेड डिसीज सर्विलॉस प्रोग्राम (आईडीएसपी) के रिकार्ड के मुताबिक जिलेभर में दूसरी लहर में १६० बच्चे कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। पहली लहर में ४९ बच्चे पॉजिटिव पाए गए थे। दोनों लहर में २०० से ज्यादा मासूम संक्रमित हो चुके हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो