सतना

MP-UP के निचले हिस्से में अलर्ट: डेंजर प्वाइंट तक पहुंचने से पहले बाणसागर के खोले गए 10 गेट

शुक्रवार को सुबह आठ बजे बाणसागर डेम में 341.42 मीटर जल का भराव हो गया था और बांध में पांच हजार क्यूमेक्स पानी आ रहा था। जबकि डेम में जल के भराव की अधिकतम क्षमता 341.64 है, लेकिन 22 सेंटीमीटर डेम खाली रहने के बाद भी दस गेट खोल दिए गए।

सतनाSep 14, 2019 / 01:55 pm

suresh mishra

Bansagar Dam: bansagar dam water level today

सतना/ बाणसागर बांध इस वर्ष लंबे इंतजार के बाद जलभराव की क्षमता के नजदीक तक पहुंच गया। ऊपरी हिस्से में हुई तेज बारिश के चलते पानी की आवक अधिक हो रही थी, शुक्रवार को हालात इतने ज्यादा बढ़ गए कि सुबह अलार्म बजाकर डेम के दस गेटों को खोलने की नौबत आ गई। शुक्रवार को सुबह आठ बजे बाणसागर डेम में 341.42 मीटर जल का भराव हो गया था और बांध में पांच हजार क्यूमेक्स पानी आ रहा था। जबकि डेम में जल के भराव की अधिकतम क्षमता 341.64 है, लेकिन 22 सेंटीमीटर डेम खाली रहने के बाद भी दस गेट खोल दिए गए।
बताया गया है कि डेम में शुक्रवार को सुबह आठ बजे डेम में जब 94.55 प्रतिशत बारिश के जल का भराव हुआ, तब दस गेटों को दो-दो मीटर खोल दिए गए और करीब चार हजार क्यूमेक्स ज्यादा पानी नदी में छोड़ा गया। यह पानी सोन नदी के जरिए बिहार तक जाता है। शहडोल, सीधी एवं सिंगरौली के उन क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है, जहां नदी के किनारे गांव बसे हुए हैं।
चार नदियों का पानी
बाणसागर बांध सोन नदी पर बना है और इसमें सोन नदी, जोहिला नदी, महानदी और मरार नदी का पानी आता है। पिछले वर्ष आठ सितम्बर को पूरे 18 गेट खोल गए थे। बताया गया है कि इस साल जल स्तर बढऩे की संभावना के मद्देनजर शुक्रवार को सुबह आठ बजे डेम के दस गेट दो-दो मीटर तक खोल दिए गए। इसके बाद सुबह नौ बजे बांध का जल स्तर एक सेंटीमीटर और बढ़ गया, लेकिन दस बजे के बाद जल स्तर घटना शुरू हो गया और दोपहर तीन बजे तक डेम का जल स्तर 341.39 मीटर हो गया।
रात में ही दी जानकारी
गेट खोलने के पूर्व प्रबंधन ने गुरुवार रात को ही सतना, शहडोल, सीधी और रीवा के कलेक्टरों को अलर्ट कर दिया था। बाणसागर बांध से संबंधित बाणसागर, सिलपरा, झिन्ना तथा टोंस विद्युत यूनिट से बिजली उत्पादन की चारों यूनिट शुरू हो गई हैं। बताया गया है कि इन दिनों बाणसागर बांध में पांच हजार क्यूमेक्स पानी की आवक है और 4438.21 क्यूमेक्स फ्लो है। दस गेट खुलने बाद सोन में 4114.93 क्यूमेक्स पानी जा रहा है।
ऐसे बढ़ा जलस्तर
12 सितंबर
सुबह आठ बजे 341.00 मीटर
दोपहर 12 बजे 341.08 मीटर
सायं चार बजे 341.12 मीटर
रात्रि आठ बजे 341.16 मीटर

13 सितंबर
सुबह आठ बजे 341.42 मीटर
दोपहर 12 बजे 341.42 मीटर
सायं चार बजे 341.37 मीटर
पूर्व में 13 सितंबर के दिन का जलस्तर
2019 341.42 मीटर
2018 341.64 मीटर
2017 338.72 मीटर
2016 341.42 मीटर
2015 338.12 मीटर
2014 340.15 मीटर
2013 341.62 मीटर

Home / Satna / MP-UP के निचले हिस्से में अलर्ट: डेंजर प्वाइंट तक पहुंचने से पहले बाणसागर के खोले गए 10 गेट

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.