scriptकांग्रेस के पाले में आते ही भाजपा से दरकिनार मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी | bjp mla: satna leaders against mla narayan tripathi entry in congress | Patrika News

कांग्रेस के पाले में आते ही भाजपा से दरकिनार मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी

locationसतनाPublished: Sep 22, 2019 12:46:53 am

Submitted by:

Pushpendra pandey

सियासत: संगठन पर्व की प्रादेशिक कार्यशाला में भी नहीं था नाम
 

Narayan tripathi maihar Mla

Narayan tripathi maihar

सतना. कांग्रेस के पाले में रह-रह कर नजर आ रहे मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी से अब भाजपा ने किनारा करना शुरू कर दिया। हालांकि कांग्रेस के पक्ष में वोटिंग के बाद से ही नारायण को लेकर भाजपा ने दूरी बना ली थी पर आधिकारिक तौर पर दूरी को स्पष्ट करने से कन्नी काट रही थी। अब जिस तरह की स्थितियां और गतिविधियां पार्टी के अंदर दिख रही हैं, उससे तो यह संकेत स्पष्ट होने लगा है कि भाजपा से नारायण दरकिनार किए जाने लगे हैं। शुक्रवार को कांग्रेस की वादाखिलाफी और किसान विरोधी गतिविधियों को लेकर भाजपा का प्रदेशस्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इसमें हर विधायक को अपने-अपने क्षेत्र में प्रदर्शन की कमान दी गई थी पर मैहर में भाजपा ने नारायण को किनारे करते हुए जिलाध्यक्ष नारेन्द्र त्रिपाठी को प्रदर्शन के नेतृत्व की जिम्मेदारी दी।
कयासों के बादल मंडराने शुरू
इसके साथ ही जिला भाजपा में अब नए सिरे से कयासों के बादल मंडराने शुरू हो गए हैं तो कुछ लोग मैहर में उपचुनाव की संभावनाएं तलाशने लगे हैं। हालांकि नरेंद्र त्रिपाठी सफाई देते नजर आए कि विधायक नारायण अपने किसी निजी काम में व्यस्त होंगे। समयाभाव के कारण ऐसा हुआ है। लेकिन इस प्रदर्शन में शामिल अन्य पार्टी पदाधिकारी खुलेतौर पर यह मानते नजर आए कि नारायण का पत्ता भाजपा से काट दिया गया है। नारायण को अगुवाई न देने से इस प्रदर्शन में मैहर के कई ऐसे चेहरे भी नजर आए जो सामान्यतौर पर नारायण के नेतृत्व में नदारद रहते थे। इस बार प्रदर्शन में पूर्व विधायक मोतीताल तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता रामकृपाल पटेल जैसे चेहरे अपने समर्थकों के साथ दिखे।
विधायक दल की सूची से बाहर!
शुक्रवार के प्रदर्शन को अगर छोड़ दिया जाए तो नारायण से भाजपा की दूरी अन्य कार्यक्रमों में भी स्पष्ट देखी गई है। सदस्यता अभियान के संबंधित संगठन पर्व की प्रादेशिक कार्यशाला सितंबर के पहले सप्ताह में भोपाल में आयोजित की गई थी। इसमें चुनाव अधिकारी, सहायक चुनाव अधिकारी, जिलाध्यक्ष, विधायक और सांसद आमंत्रित किए गए थे। लेकिन इसमें भी नारायण त्रिपाठी को आमंत्रित नहीं किया गया था। इसके बाद माना जाने लगा था कि भाजपा ने अपनी विधायक दल की आंतरिक सूची से नारायण का नाम काट दिया है।
गायब हैं नारायण
मैहर में भाजपा सहित कांग्रेसी भी विधायक नारायण को लेकर मुखर होने लगे हैं। लगातार गायब नारायण को लेकर भाजपाई और कांग्रेसी एक सुर में यह बोलते नजर आ रहे कि अब नारायण ने जनता से दूरी बना ली है और जनता अपने कामों को लेकर परेशान है। हालांकि यहां कांग्रेस का एक बड़ा धड़ा नारायण की कांग्रेस में वापसी को लेकर मुखर विरोध कर रहा है।
सतना में गायब रहे महापौर-अध्यक्ष
भाजपा के इस प्रदर्शन से जिला मुख्यालय के कई बड़े चेहरे गायब रहे। पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी के नेतृत्व में लगभग दो सौ भाजपाई मौजूद रहे। महापौर और निगम अध्यक्ष नदारद दिखे तो विधायक टिकट के दावेदार रहे योगेश ताम्रकार सहित कई नामी चेहरे भी दूरी बनाए रहे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो