scriptकलेक्टर की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर हड़प लिए रुपये | Collector's fake Facebook ID created for making money | Patrika News

कलेक्टर की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर हड़प लिए रुपये

locationसतनाPublished: Aug 01, 2019 01:58:43 am

Submitted by:

Ramashankar Sharma

साइबर क्राइम: झारखंड जमशेदपुर निवासी पुष्पाकर आर्या ने अपने खाते में डलवाई राशि

Collector's fake Facebook ID created for making money

Collector’s fake Facebook ID created for making money

सतना. कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सतेंद्र सिंह की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर 20 हजार रुपए ठगी का मामला सामने आया है। फर्जी आईडी के फेसबुक मैसेंजर के जरिए झारखंड जमशेदपुर निवासी पुष्पाकर आर्या ने कलेक्टर के मित्र जीतेंद्र सिंह कुशवाहा के साथ यह ठगी की है। आरोपी पुष्पाकर ने जीतेंद्र से 20 हजार रुपए ऑनलाइन अपने पंजाब नेशनल बैंक के खाते में डलवाए हैं। कलेक्टर की शिकायत पर सतना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। अभी आरोपी पकड़ से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर सतेंद्र सिंह के मित्रों के पास मंगलवार की रात से बुधवार की सुबह के बीच फेसबुक मैसेंजर के जरिए एक संदेश आया। कलेक्टर सिंह की आईडी से किए गए मैसेज में खुद को गोलमुरी में होने का उल्लेख करते हुए कुछ रुपए की मांग की गई थी। कहा गया था कि बहुत मजबूरी में हूं, मेरे अकाउंट में 20 हजार रुपए डाल दो। इस संदेश को देखकर उनके ग्वालियर निवासी मित्र जीतेंद्र सिंह कुशवाहा ने मैसेंजर में दिए गए खाते में 20 हजार रुपए तो डाल दिए पर उन्हें इस तरह से आए मैसेज पर संदेह भी था। लिहाजा, उन्होंने सुबह कलेक्टर सतेंद्र सिंह को फोन लगाकर जानकारी ली। तब कलेक्टर को पता चला कि कोई उनके नाम की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उनके मित्रों से ऑनलाइन फ्रॉड कर रहा है। यह पता चलने पर कलेक्टर ने तत्काल अपने मित्रों से मैसेंजर पर आए मैसेज के स्क्रीन शॉट लेने के बाद अपनी असली आईडी पर इस फ्रॉड के बारे में सभी को सूचित करते हुए ऐसे किसी झांसे में नहीं आने की अपील की।
बैंक अधिकारियों ने किया खुलासा

मित्रों ने कलेक्टर को मैसेंजर में हुई चैट के जब स्क्रीन शॉट भेजे तो उसमें आईएफसी कोड पीयूएनबी 0022500 खाता नंबर 02250001003 94912 था। इसके बारे में पता करने एलडीएम को नंबर दिए गए। इसी आधार पर ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी की पहचान हुई। खाते से हुई पहचान में पाया गया कि आरोपी का नाम पुष्पाकर आर्या पिता मोहन आर्या निवासी प्रांतिका अपार्टमेंट फ्लैट नंबर बी/4/2 निर्मल नगर डुम्हनी जमशेदपुर है। झारखंड के इस्ट सिंहभूमि क्षेत्र के इस आरोपी के पैन नंबर से इसके पंजाब नेशनल बैंक और इंडिया बैंक के खाते मिले हैं, जिसके जरिए ये लोगों को बड़े अधिकारियों के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ऑनलाइन ठगी करता था।
पुलिस को दी सूचना
कलेक्टर सतेन्द्र सिंह ने बताया कि उन्होंने मामले की जानकारी सतना एसपी रियाज इकबाल और जमशेदपुर एसएसपी अनूप बिरथरे को दी है। इसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उधर जमशेदपुर एसएसपी अनूप बिरथरे ने कहा कि सतना पुलिस हमसे जिस तरह की मदद मांगेगी हम देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक सतना पुलिस ने उनसे किसी तरह का संपर्क नहीं किया है।
जमशेदपुर टीम रवाना
कलेक्टर की फर्जी आईडी बनाकर ऑनलाइन फ्राड के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आईटी एक्ट की धारा 66सी 511 और आईपीसी की धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। साथ ही जमशेदपुर के लिए एक टीम रवाना की जा रही है। यह टीम जमशेदपुर एसएसपी से मिलकर आरोपी की गिरफ्तारी में जुटेगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो