पत्नी को बचाने गया पति भी करंट में फंसा, MP के इस जिले में हुए हृदय विदारक हादसे में दम्पति की मौत
बिछिया थाने के कुठुलिया में हुआ हृदय विदारक हादसा, पुलिस पहुंची

रीवा। तार फंसाने गई महिला विद्युत करंट की चपेट में आ गई। उसको बचाने गया पति भी करंट में फंस गया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह हृदय विदारक घटना बिछिया थाने के कुठुलिया गांव में हुई। प्रीति भुजवा पति रामउजागर 30 वर्ष निवासी कुठुुलिया बुधवार की सुबह करीब 6 बजे घर में बिजली का तार फंसाने गई थी। जिस समय वह तार फंसा रही थी तो दूसरा तार नीचे गिर आया जिससे महिला करंट की चपेट में आ गई। महिला की चीख पुकार सुनकर घर में मौजूद उसका पति बचाने आया तो वह भी करंट में फंस गया।
इस दौरान दम्पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। परिजनों ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर के बाहर बिजली का तार लगा हुआ था जिसमें महिला तार फंसा रही थी। दूसरा तार नीचे गिरा जिससे वह करंट में फंस गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
डेढ़ साल की मासूम के सिर से उठा माता-पिता का साया
उक्त दम्पति की डेढ़ साल की बच्ची थी। युवक परिवार का बड़ा पुत्र था और पेडिंग का काम करता था। उसकी डेढ़ साल की बच्ची थी जो घटना के समय घर में ही मौजूद थी। इस घटना ने उसके सिर से माता-पिता का साया छीन लिया। बच्ची को शायद यह भी नहीं पता कि अब उसे माता-पिता का प्यार नसीब नहीं हो पायेगा।
शव ले जाने के लिए दी गई सहायता
उक्त परिवार बेहद गरीबी के दौर से जीवन यापन कर रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी जिसकी शव को ले जाने के लिए भी उनके पास पैसे नहीं थे। अस्पताल के चिकित्सकों के साथ स्टाफ ने उनको आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ वाहन की व्यवस्था कराई। उक्त बच्ची की परवरिश के लिए प्रशासन भी सहायता सुनिश्चित करवा रहा है।
अब पाइए अपने शहर ( Satna News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज