scriptसतना के नेताओं से आगे निकले मैहर विधायक, सिविल अस्पताल में लगवा लिया ऑक्सीजन प्लांट | Maihar Mla: oxygen plant installed in civil hospital | Patrika News

सतना के नेताओं से आगे निकले मैहर विधायक, सिविल अस्पताल में लगवा लिया ऑक्सीजन प्लांट

locationसतनाPublished: Jun 07, 2021 02:08:45 am

Submitted by:

Pushpendra pandey

ऑक्सीजन प्लांट के उपकरण लाने वाले चालक का फूलों से स्वागत, कल से शुरू होगी सप्लाई, जनता को मिलेगी राहत
 

Maihar Oxygen Plant

Maihar Oxygen Plant

सतना. जनता को स्वास्थ्य सुविधा दिलाने के मामले में एक बार फिर मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों से आगे निकल गए। कोरोना की दूसरी लहर के बीच इंजेक्शन और बेड दिलाने तथा मैहर से आकर जिला अस्पताल में वेंटीलेटर इंस्टॉल कराने में भूमिका निभाने वाले विधायक त्रिपाठी अब सतना से पहले मैहर सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराने में जुटे हैं। रविवार की सुबह ऑक्सीजन प्लांट के उपकरण अमहदाबाद से मैहर पहुंच भी गए। सोमवार को इंजीनियर को बुलाकर प्लांट लगवाया जाएगा। साथ ही एक दिन बाद ५० बेड में आक्सीजन की सप्लाई शुरू हो जाएगी। इधर, ऑक्सीजन प्लांट के उपकरण मैहर पहुंचते ही लोग खुशी से झूम उठे। लोगों ने अहमदाबाद के रहने वाले चालक सुरेश को माला पहनाई और फूल बरसाकर स्वागत किया। ऐसा दृश्य देख चालक भी भावविभोर हो उठा। कहा, एेसा आत्मीय स्नेह पहली बार किसी शहर में मिला है।
पूजा-अर्चना के बाद किया गया स्थापित
ऑक्सीजन प्लांट के उपकरण पहुंचने के पहले ही आवश्यक निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया था। विधायक नारायण त्रिपाठी द्वारा पूजा-अर्चना के बाद उपकरण निर्धारित जगह पर स्थापित किए गए। इस मौके पर सीएमएचओ डॉ अशोक कुमार अवधिया, एसडीएम सुरेश अग्रवाल, डॉ प्रदीप निगम सहित स्थानीय लोग मौजूद थे।
मंगलवार से शुरू हो जाएगा प्लांट
विधायक त्रिपाठी ने बताया कि कंपनी के इंजीनियर सोमवार सुबह मैहर पहुंच जाएंगे। सोमवार रात तक प्लांट चालू हो जाएंगा। बुधवार सुबह से अस्पताल में दाखिल मरीजों को प्लांट से ऑक्सीजन मिलना शुरू हो जाएगी। अब क्षेत्र का कोई भी पीडि़त ऑक्सीजन के लिए भटकाव नहीं झेलेगा। पीडि़तों को अब सिविल अस्पताल स्तर पर ही ऑक्सीजन उपलब्ध होगी।
जनभागीदारी से लगा प्लांट
कोरोना संक्रमण काल के बाद जनभागीदारी से विन्ध्य के किसी सरकारी अस्पताल में स्थापित होने वाला यह पहला ऑक्सीजन प्लांट है। मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने अन्य जनप्रतिनिधियों के सामने आपदा की घड़ी में प्लांट की स्थापना करा कर आदर्श भी प्रस्तुत किया है। हालांकि मैहर विधायक संक्रमण काल से लोगों की मदद को लेकर सक्रिय हंै। इसके पहले उन्होंने सिविल अस्पताल को ६० ऑक्सीजन कंसंटे्रटर भी उपलब्ध कराए थे।
45 लाख रुपए है लागत
बता दें कि कोरोना संक्रमण काल में ऑक्सीजन की कमी पूरे देश में बनी हुई थी। इससे सतना जिला भी अछूता नहीं था। गंभीर हालत में लोग मेडिकल कॉलेज रीवा, जबलपुर रेफर किए जा रहे थे। रीवा में तो सतना जिले के मरीजों के साथ सौतेला बर्ताव किया जा रहा था। उन्हें कोई हाथ लगाने तैयार नहीं था। पॉजिटिव मरीज हताश होकर यात्री बसों में बैठकर घर भाग रहे थे। यह स्थिति देख मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी आगे आए। जनभागीदारी से ४५ लाख रुपए से अधिक राशि जुटाई। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट के उपकरण सप्लाई करने वाली अहमदाबाद गुजरात की एटोम्स पॉवर प्राइवेट लिमिटेड से संपर्क साधा। उनसे लोगों की समस्या साझा की और आपदा की घड़ी में मदद करने अनुरोध किया। एटोम्स कंपनी ने आधी कीमत 45 लाख रुपए में ही मैहर में प्लांट स्थापित करने का निर्णय लिया।
जिला अस्पताल में कब
राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रशासनिक हीलाहवाली के कारण सतना जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट नहीं लग सका। जबकि, पड़ोसी जिले रीवा में घोषणा के कुछ दिन बाद ही प्लांट लग गया था। अब तो रतलाम जैसे जिले में भी प्लांट लग गया। जिला अस्पताल में प्लांट की स्थापना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सिर्फ बयानबाजी की, हकीकत में कोई काम नहीं किया। यदि पहल करते तो यहां भी अब तक प्लांट लग जाता। हालांकि मैहर में प्लांट स्थापना के बाद विधायक नारायण त्रिपाठी ने जिला अस्पताल के लिए पहल करने की बात कही। पत्रिका से उन्होंने बताया कि जल्द ही भोपाल जाकर जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगवाने की पहल करेंगे।
Oxygen Plant Maihar
patrika IMAGE CREDIT: patrika
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो