scriptमैहर परिवर्तन यात्रा: मध्यप्रदेश में शाह, केंद्र में शहंशाह की सरकार: ज्योतिरादित्य | MP congress parivartan yatra, Jyotiraditya Scindia maihar visits | Patrika News

मैहर परिवर्तन यात्रा: मध्यप्रदेश में शाह, केंद्र में शहंशाह की सरकार: ज्योतिरादित्य

locationसतनाPublished: Sep 07, 2018 12:42:20 pm

Submitted by:

suresh mishra

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर किया सीधा हमला

MP congress parivartan yatra, Jyotiraditya Scindia maihar visits

MP congress parivartan yatra, Jyotiraditya Scindia maihar visits

सतना/मैहर। मप्र कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के संयोजक ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को मैहर में आयोजित सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में शाह और केन्द्र में शहंशाह की सरकार बताया। कहा, केंद्र मे एक ऐसे शहंशाह की सरकार है जिन्होंने लोकतंत्र को गिरवी कर रखा है।
वो सत्ता पाने के बाद ऐसा प्रदर्शित कर रहे जैसे जनता ने उन्हें नहीं चुना बल्कि उन्होंने अवतार लिया है। प्रदेश में ऐसी सरकार है जो मुन्ना भाई की विचारधारा से प्रभावित है। स्थानीय मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि यहां के लोगों को न तो बरगी का पानी मिला और न मैहर स्मार्ट सिटी बनी। घोषणा की, कांग्रेस सत्ता में आई तो कर्ज 10 दिन में माफ किए जाएंगे।
व्यापमं घोटाले पर तीखा हमला
परिवर्तन यात्रा के दौरान मैहर पहुंचे ज्यातिरादित्य सिंधिया ने सबसे पहले मां शारदा के दर्शन किए। इसके बाद आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने व्यापमं घोटाले पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि फि ल्मों में मुन्नाभाई की कारगुजारियां देखी थी पर इस सरकार में मुन्ना भाई लोग 60-65 लाख में डिग्रियां बेच रहे हैं। भाजपा के अच्छे दिनों पर व्यंग्य करते हुए कहा कि इनकी बुलेट ट्रेन तो नहीं आई लेकिन डीजल-पेट्रोल के दाम उसकी रफ्तार से ऊपर जा रहे हैं।
गरीब को खाना नहीं, किसान को दाना नहीं
शिवराज सरकार पर हमला करते हुए कहा कि स्थिति यह है कि गरीब को खाना नहीं किसान को दाना नहीं है। चुटकी लेते हुए कहा कि जैसा प्यारा किसान को खेत, वैसा ही प्यारा भाजपा को रेत। कहा, प्रदेश का एक-एक मंत्री जनता के राशन और रोजगार पर राज कर रहा है। मंदसौर गोली काण्ड को जलिया बाला बाग हत्याकाण्ड की संज्ञा देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अंग्रेजी हुकूमत की याद ताजा कर रही है।
सोफे वाली बस से जन आशीर्वाद यात्रा
आज रक्षक ही भक्षक बना है। 14 सालों तक जमीन पर पैर न रखने वाले मुख्यमंत्री सोफे वाली बस से आशीर्वाद मांग रहे हैं। सड़कें मौत के गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। शिवराज की मंडी व्यवस्था में सैकड़ों किसानों की जान चली गई है। हालात ऐसे हैं कि स्कूल में जाओ तो शिक्षक नहीं अस्पताल में डॉक्टर नहीं। जो लोग मंदिरों की बात करते थे वे राम मंदिर तो नहीं बनवा सके पर नाथूराम का मंदिर बनवा दिया। अब समय आ चुका चुनाव में जवाब देने का।
कवितेश्वरी देवी एवं युवराज अक्षय राज ने भाजपा छोड़ी
मैहर राज परिवार की सदस्य महारानी कवितेश्वरी देवी एवं युवराज अक्षय राज सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करते हुए भाजपा छोडऩे की घोषणा की।

शहर कार्यकारी अध्यक्ष के नेतृत्व में स्वागत
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के मैहर आगमन पर शहर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश दुबे डब्बू के नेतृत्व में स्वागत किया गया। मौके पर उपेंद्र सिंह, आदित्य तिवारी, पुष्पेंद्र खरे, राधाचरण पाठक, वीरेंद्र सिंह, नइम खान, मुकेश द्विवेदी, आसेन्द्र पयासी, छोटू गर्ग, राजा भैया विश्वकर्मा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सरकार का जमीर मर चुका
विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का जमीर मर चुका है। आम जनता से कोई लेना-देना नहीं है। आए दिन हो रही घटनाएं प्रदेश सरकार पर बड़े सवाल खड़े कर रही हैं। देश में महिलाओं पर अत्याचार के मामले में प्रदेश पहले नंबर पर है। सरकार बेरोजगारों के लिए नीतियों बनाने मे पूरी तरह असफल रही है। दावा किया कि आने वाले समय मे कांग्रेस के कार्यकर्ता व आम जनता प्रदेश सरकार को उखड़ फेंकेगे। श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि मैहर में भाजपा वाले अफवाह फैला रहे थे कि कार्यक्रम नहीं होगा।
मैहर के युवा बेरोजगार
नगर पािलका अध्यक्ष धर्मेश घई ने कहा, मैहर में तीन फैक्ट्री है। उसके बाद भी मैहर के युवा बेरोजगार हैं। मनीष पटेल ने कहा कि मैहर अपना बदला वापस लेगा। सभा को पूर्व मंत्री सईद अहमद, विधायक यादवेन्द्र सिंह, कमलेश्वर पटेल, नीलांशु चतुर्वेदी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्रा, मनीष पटेल, युवराज अक्षय राज सिंह सहित आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन शहर कांग्रेस के अध्यक्ष मकसूद अहमद एवं आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव चौरसिया ने किया।
ये नेता हुए शामिल
इस दौरान प्रमुख रूप से सिद्धार्थ कुशवाहा, पूर्व महापौर राजाराम त्रिपाठी, सुधीर सिंह तोमर, दिलीप मिश्रा, मनीष तिवारी, रविन्द्र सिंह सेठी, उर्मिला त्रिपाठी, गया बागरी, अजीत सिंह, विक्रमादित्य सिंह, अभय सिंह रोली, ओमबाला सिंह, पुष्पराज सिंह, गौरव चौरसिया, शंकरदीन कुशवाहा, सज्जन सिंह तिवारी, दिनेश दुबे, रामशंकर पयासी, राजेन्द्र गर्ग, अतुल सिंह परिहार, राजभान सिंह, कन्हैयालाल पोहानी, कल्पना वर्मा, राजदीप सिंह, गीता सिंह, रामावतार चौरसिया, केशव चौरसिया, चंूड़ामणि बढौलिया, नागेन्द्रनाथ बडगइयां मौजूद रहे।
षडयंत्र के सहारे बदल रहे लोकतंत्र की परिभाषा
विधानसभा नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को सार्वजनिक मंच में सामना करने की चुनौती देते हुए कहा कि मैं स्तरहीन राजनीति कभी नहीं करता। जो भी बात करता हूं तथ्यों पर करता हूं। सीधी में हमले के बाद सीएम के आरोपों पर कहा कि पीछे से वार करना मेरे स्वभाव में नहीं। सवाल खडा किया कि अगर मुख्यमंत्री भ्रष्टाचारी नहीं थे तो सदन के अंदर चर्चा करने की बजाय सदन छोड़कर क्यों भाग खड़े हुए। वे राजनीति के स्तर को गिराने की कोशिश कर रहे हैं। कहा, लोकतंत्र में सरकारों का आना-जाना लगा रहता है लेकिन सत्ता में बने रहने के लिए षड्यंत्रों का सहारा नहीं लिया जाता। मुख्यमंत्री षडयंत्रों के दम पर लोकतंत्र की परिभाषा को बदलने की कोशिश कर रहे हैं।
हम लाएंगे बरगी का पानी
सिंधिया ने बरगी नहर का जिक्र करते हुए कहा कि बरगी के नाम पर प्रदेश सरकार जनता को धोखा दे रही है। आश्वस्त किया कि अगर हमारी सरकार बनी तो बरगी नहर को पूरा करना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। विधानसभा उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अब किस मुंह से जनता से वादा करेंगे। मैहर अभी तक स्मार्ट सिटी नहीं बना। दावा किया कि प्रदेश में परिवर्तन की आंधी चल रही है और आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो