सतना

Maihar Mla की रंग लाई मेहनत, जनभागीदारी से सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट शुरू

250 लीटर प्रति मिनट उत्पादन, अब जिला अस्पताल की बारी
 

सतनाJun 13, 2021 / 01:02 am

Pushpendra pandey

Maihar Oxygen plant

सतना. जिले का पहला ऑक्सीजन प्लांट मैहर सिविल अस्पताल में शनिवार को शुरू हो गया। जनभागीदारी और जनसहयोग से बने इस ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ प्रभारी मंत्री रामखेलावन पटेल ने किया। प्लांट की उत्पादन क्षमता 250 लीटर प्रति मिनट और फ्लो 15 मीटर क्यूब प्रति घंटा है। इस ऑक्सीजन प्लांट को लगवाने के लिए मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी दिन रात एक किए हुए थे। वे लगातार क्षेत्र में संपर्क कर जनसहयोग मांग रहे थे। विधायक त्रिपाठी की मेहनत रंग लाई और जनता को सांसें मिल सकीं। उधर, जिला अस्पताल में लगने वाला ऑक्सीजन प्लांट अभी भी अधर में है। मैहर में लोकार्पण के दौरान प्रभारी मंत्री ने यह जरूरत बताया कि जिला अस्पताल सतना में 500-500 लीटर प्रति मिनट के दो और एक हजार लीटर प्रति मिनट क्षमता का एक कुल 3 ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाएंगे। पर, कब तक लगेंगे यह नहीं बता पाए। वहीं विधायक नारायण त्रिपाठी ने दावा किया कि जुलाई प्रथम सप्ताह में सतना का ऑक्सीजन प्लांट शुरू हो जाएगा।
मंत्री बोले-अनुकरणीय पहल
र्कायक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री पटेल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के तहत मैहरवासियों ने जन-सहयोग से सिविल अस्पताल में प्राणवायु ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कर एक अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत की है। राज्य सरकार द्वारा कोरोना महामारी नियंत्रण और उपचार सुविधाओं, ऑक्सीजन की सुगम पूर्ति के हर संभव प्रयास किए गए हैं। लेकिन, संक्रमण का खतरा अभी समाप्त नहीं हुआ है। सावधानी और बचाव के प्रोटोकाल का पालन करना दैनिक जीवन में नितांत जरूरी है।
जनसहयोग से मिली संपूर्ण राशि स्वास्थ्य सुविधा में खर्च होगी
विधायक त्रिपाठी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के पीक टाइम पर ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे अस्पतालों और नर्सिंग होम की स्थितियों को देखते हुए मैहरवासियों ने जन-सहयोग से राशि इक_ा कर रोगी कल्याण समिति के माध्यम से सिविल हॉस्पिटल मैहर में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की कोशिश शुरू की थी। मैहर के तीन औद्योगिक प्रतिष्ठान, संगठन, समाज और मैहर वासियों के सहयोग से रोगी कल्याण समिति को अब तक 78 लाख 85 हजार रुपए की राशि मिल चुकी है। रोगी कल्याण समिति द्वारा जन-सहयोग की राशि से अहमदाबाद से ऑक्सीजन प्लांट मंगाकर प्रारंभ कर दिया गया है। प्राणवायु और जीवनदान से बढ़कर कोई दान नहीं है। जन-सहयोग से प्राप्त राशि की एक-एक पाई रोगी कल्याण समिति द्वारा अस्पताल की सुविधाओं, संसाधनों की वृद्धि में उपयोग की जाएगी। जन-सहयोग का यह अभियान रुकना नहीं चाहिए। मैहर की अस्पताल के साथ इसी भावना से मैहर को आत्मनिर्भर बनाएंगे। उन्होंने बताया कि मैहर अस्पताल को हरा-भरा बनाने के साथ सभी तरह की जांच सुविधाएं, ब्लड बैंक, सीटी स्कैन मशीन, डिजिटल एक्स-रे मशीन, वेंटिलेटर, आईसीयू की सुविधाएं जल्द पूरी की जाएंगी।
चिल्ड्रेन वार्ड की टटोली नब्ज
प्रभारी मंत्री पटेल और विधायक ने सिविल हॉस्पिटल मैहर में स्थापित आईसीयू वार्ड का शुभारंभ ऑक्सीजन सप्लाई की नॉब खोलकर किया। उन्होंने संभावित कोरोना की तीसरी लहर की चुनौतियों से निपटने सिविल हॉस्पिटल में बनाए गए चिल्ड्रेन वार्ड का भी निरीक्षण किया। साथ ही चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष धर्मेश घई ने कहा कि सिविल हॉस्पिटल को जन-सहयोग से मॉडल हॉस्पिटल का स्वरूप दिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक अवधिया ने कहा कि नितांत जन-सहयोग से मैहर अस्पताल में स्थापित होने वाला ऑक्सीजन प्लांट पूरे प्रदेश में अपनी तरह का पहला प्लांट होगा।जिला चिकित्सालय सतना में तीन ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत हैं, जिनकी स्थापना शीघ्र की जा रही है। लोकार्पण समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष धर्मेश घई, अपर कलेक्टर विमलेश सिंह, एसडीएम सुरेश अग्रवाल, उद्योगपति पवन अहलूवालिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक अवधिया, सीईओ जनपद वेदमणि मिश्रा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी जितेंद्र सिंह उपस्थित थे।

जिला अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट जुलाई प्रथम सप्ताह में
मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने पत्रिका को बताया कि जिला अस्पताल में जल्द ऑक्सीजन प्लांट लग जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी हमारे संपर्क हैं। विधायक की मानें तो डीआरडीओ हेड आईएएस विजय कुमार से इस संबंध में लगातार बात हो रही है। जुलाई प्रथम सप्ताह में जिला अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट चालू हो जाएगा।

Home / Satna / Maihar Mla की रंग लाई मेहनत, जनभागीदारी से सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट शुरू

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.