सतना

प्री मानसून बारिश से भीगा सतना, 10 दिन में 46 मिलीमीटर बरसे मेघ

विंध्य में 26 जून तक मानसून के दस्तक की कोई उम्मीद नहीं

सतनाJun 21, 2019 / 12:25 am

Sukhendra Mishra

प्री मानसून बारिश से भीगा सतना, 10 दिन में 46 मिलीमीटर बरसे मेघ

सतना. जून की तपिश से परेशान जिलेवासियों को प्री-मानसून गर्मी से राहत दे गया। मानसून की लेटलतीफी के बीच में छाए प्री-मानसून बादल जमकर बरसे। बीते 10 दिन में जिले में 46 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यह बीते पांच साल में 20 जून से पहले हुई बारिश से सर्वाधिक है। बीते साल 20 जून तक मात्र 7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो इस साल से 39 मिमी कम थी। मानसून के इंतजार के बीच मानसून पूर्व की बारिश जिले को तर कर गई। एक सप्ताह तक छाए बादल जमकर बरसे। इससे अधिकतम तापमान में 12 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली पर मानसून के लिए अब भी लोगों को एक सप्ताह का लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। इस दौरान गुरुवार को प्री-मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ते ही आसमान से बादल छंट गए। दिन में निकली चटक धूप एक बार फिर लोगों को उमस भरी गर्मी का अहसास करा गई। दिन का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
27 से छाएंगे बादल
प्री-मानसून की झमाझम बारिश से उत्साहित किसानों को मानसून की लेटलतीफी निराश कर सकती है।8 दिन की देरी से केरल में दस्तक देने वाले मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। 10 जून को मुंबई में छाने वाले मानसून का इस वर्ष 20 जून को भी पता नहीं है। एेसे में विंध्य में मानसून के 26 जून तक दस्तक की कोई उम्मीद नहीं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि आगे भी मानसून की चाल सुस्त रही तो विंध्यवासियों को झमाझम बारिश के लिए एक जुलाई तक इंतजार करना पड़ सकता है।
मानसून की चाल
प्रदेश आमद की तिथि आमद दी

केरल 01 जून 08 जून
कर्नाटक 05 जून 14 जून

महाराष्ट्र 10 जून अभी नहीं
मध्यप्रदेश 15 जून अभी नहीं

 

Home / Satna / प्री मानसून बारिश से भीगा सतना, 10 दिन में 46 मिलीमीटर बरसे मेघ

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.