scriptसत्ता में आते ही माफ करेंगे कर्ज, गब्बर सिंह टैक्स को जीएसटी में बदलेंगे | rahul gandhi in satna | Patrika News
सतना

सत्ता में आते ही माफ करेंगे कर्ज, गब्बर सिंह टैक्स को जीएसटी में बदलेंगे

चित्रकूट में राहुल को मिला संतों का आशीर्वाद, सभा में बोले राष्ट्रीय अध्यक्ष
 

सतनाSep 27, 2018 / 01:43 pm

Pushpendra pandey

rahul gandhi in kamtanath temple chitrakoot

rahul gandhi in kamtanath temple chitrakoot

सतना. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को चित्रकूट से सतना दौरे की शुरुआत कर दी। राहुल दोपहर करीब 12.05 बजे चित्रकूट पहुंचे और कामतानाथ स्वामी के दर्शन को रवाना हुए। मंदिर के महंत ने राहुल गांधी को भगवान कामतानाथ के दर्शन कराए और प्रतिमा भेंट का आशीर्वाद दिया। राहुल के साथ सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, कमलनाथ और दीपक बावरिया मौजूद रहे। भगवान कामतानाथ के दर्शन के बाद वे सभास्थल पहुंचे। वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सियासी हमला बोला। राहुल ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही कर्ज माफ करेंगे। गब्बर सिंह टैक्स को जीएसटी में बदला जाएगा। राहुल ने कहा कि शिक्षा के सिस्टम को व्यापमं ने नष्ट कर दिया है। प्रदेश महिला अत्याचार, कुपोषण, किसानों की आत्महत्या में नंबर एक है। एक बार कांग्रेस को मौका दीजिए फिर देखिए कि 5 साल बाद मोबाइल के पीछे मेड इन चित्रकूट लिखा होगा। मोदी ने 4 साल और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज ने आपके 15 साल बेकार किए हैं। हम आपके मन की बात सुनेंगे और सरकार चलाएंगे।
दोपहर पहुंचेंगे सतना
राहुल दोपहर सतना पहुंचेंगे। यहां बीटीआइ ग्राउंड में 2:10 बजे जनसभा को संबोधित करने के बाद सड़क मार्ग से रीवा के लिए संकल्प यात्रा में निकलेंगे। शाम चार बजे रीवा बाइपास से रीवा जिले में प्रवेश करेंगे। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

चित्रकूट, सतना एवं रीवा मार्ग पर होगा ऐतिहासिक स्वागत
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के चित्रकूट, सतना एवं रीवा के रास्ते पर ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी की गई है। जगह-जगह स्वागत द्वार एवं स्टेज बनाए गए हैं। सतना से रीवा जाते समय कृपालपुर, माधवगढ़, सिधौली, रामवन, सज्जनपुर, प्रिज्म मोड़, कृष्णगढ़ मोड़, अहिरगांव मोड़, रामपुर बाघेलान और सज्जनपुर में जगह-जगह स्वागत होगा।
टिकटार्थी दिखाएंगे ताकत
सभा में टिकिट के दावेदार अपनी ताकत दिखाएंगे। भीड़ का इंतजाम करने के लिए इन्हें भी निर्देशित किया गया है। माना जा रहा कि टिकिट के आकांक्षी लोगों द्वारा अपने-अपने हिस्से की ज्यादा से ज्यादा भीड़ लाकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया जाएगा। हालांकि बड़े नेताओं द्वारा चेताया गया है कि सभा के दौरान कोई भी तख्ती का प्रदर्शन नहीं करेगा। न ही व्यक्तिगत जिंदाबाद के नारे लगाए जाएंगे।
सतना में हजार लोगों के बैठने का इंतजाम
सभास्थल में कांग्रेस ने 20 हजार लोगों के बैठने का इंतजाम किया है। बीटीआइ ग्राउंड में मौजूद सभा स्थल का मुख्य हिस्सा डोम होगा। दोनों ओर दो पंडाल लगाए गए हैं। मंच पर 24 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। लोगों के प्रवेश के लिए हाइवे पर खुलने वाले मुख्य द्वार को नियत किया गया है। मुख्य अतिथि सहित मंचासीन होने वाले लोगों का प्रवेश बीटीआइ मैदान के पूर्वी हिस्से से होगा। यहां से आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। मंच के आगे सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी डी तैयार की गई है। इसके बाद डोम का हिस्सा रखा गया है। डोम में सबसे आगे वीआइपी और पत्रकार दीर्घा तय है। पंडाल में आगे महिलाओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके बाद के हिस्से में सभी लोगों को प्रवेश की अनुमति होगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो