scriptCMO मारपीट मामला: आधे घंटे तक अध्यक्ष ने मचाया था तांडव, महिला पार्षद व कर्मचारियों को भी नहीं छोड़ा | Ramnagar CMO marpit case: Nagar Panchayat CMO Condition serious | Patrika News

CMO मारपीट मामला: आधे घंटे तक अध्यक्ष ने मचाया था तांडव, महिला पार्षद व कर्मचारियों को भी नहीं छोड़ा

locationसतनाPublished: Jun 29, 2019 01:12:23 pm

Submitted by:

suresh mishra

अराजकत: रामनगर थाना पुलिस की गंभीर लापरवाही, सूचना पर भी नहीं पहुंची मौके पर

Ramnagar CMO marpit case: Nagar Panchayat CMO Condition serious

Ramnagar CMO marpit case: Nagar Panchayat CMO Condition serious

सतना। न्यू रामनगर नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार को पूरी तरह से अराजकता का माहौल देखने को मिला। वहां न तो मर्यादा थी, न कानून का भय। नपं अध्यक्ष व भाजपा नेता रामसुशील पटेल के आगे पूरा सिस्टम नकारा हो गया था। इसके चलते अध्यक्ष रामसुशील पटेल साथियों के साथ मिलकर करीब आधे घंटे तक तांडव मचाता रहा। जिस किसी ने भी हस्तक्षेप किया उसे लाठी-डंडे से निशाना बनाया गया। सीएमओ सहित कर्मचारी व जनप्रतिनिधियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।
बताया जाता है कि सीएमओ देवरत्न सोनी पर करीब 15 मिनट तक लाठी-डंडे व तलवार से जानलेवा हमला किया गया। कार्यालय से लेकर सड़क तक तांडव मचाया गया। सीएमओ को बचाने बीच-बचाव करने वालों को भी निशाना बनाया गया। महिला पार्षदों पर भी लाठियां भांजी गईं, ताकि कर्मचारी से लेकर विपक्षी जनप्रतिनिधियों पर दहशत कायम की जा सके।
सीएमओ की खैर नहीं, छोड़ूंगा नहीं

बताया जाता है कि अध्यक्ष रामसुशील पटेल ने गुरुवार को आयोजित पीआइसी की बैठक के दौरान ही कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों के सामने धमकी दे दी थी कि सीएमओ और उसके समर्थकों को मारेगा। शुक्रवार को करीब 11 बजे रामसुशील पटेल कार्यालय पहुंच गया था और अपने कक्ष में बैठा हुआ था। वहां वह लगातार कह रहा था कि सीएमओ की खैर नहीं, छोड़ूंगा नहीं, आज मार खाएगा। जब सीएमओ सोनी कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें भी अध्यक्ष की बात की जानकारी मिली।
थाना प्रभारी को दी मोबाइल पर सूचना

उन्होंने थाना प्रभारी सतीश मिश्रा को मोबाइल पर सूचना दे दी पर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। करीब 12.30 बजे के आसपास अध्यक्ष पटेल ने अपने गुर्गों को फोन किया। इसके बाद अविनीश पटेल, शिवशंकर पटेल, महेंद्र पटेल सहित एक दर्जन गुर्गे लाठी, डंडा, राड व तलवार लेकर नपं कार्यालय पहुंच गए। गुर्गों के पहुंचने के साथ ही नगर परिषद अध्यक्ष रामसुशील पटेल अपने कक्ष से निकला और लाठी लेकर सीएमओ सोनी के कक्ष में गुर्गों के साथ घुस गया।
सीधे लाठी से हमला

वहां उसने किसी से कोई चर्चा नहीं की, सीधे लाठी से हमला करना शुरू कर दिया। उसके गुर्गे भी सीएमओ पर टूट पड़े। सीएमओ कक्ष में अन्य लोग पहले से बैठे थे, स्थिति देख बाहर भागने लगे, वहीं जनप्रतिनिधि बीच बचाव करने आगे बढ़े तो अध्यक्ष और उसके गुर्गों ने किसी का ख्याल नहीं किया, जनप्रतिनिधियों पर भी लाठी जमकर भांजी। सीएमओ कक्ष से निकलकर सड़क पर पहुंचे, तो उनका पीछा करते हुए मारपीट की गई।
अध्यक्ष पहुंचा थाने
घटना के बाद अध्यक्ष रामनगर थाना पहुंचा। वहां सीएमओ के खिलाफ लिखित शिकायत दी कि उससे मारपीट की गई है। पुलिस उसकी आवभगत करते नजर आई। इधर, घायल सीएमओ सोनी सतना पहुंचे तो एसपी के निर्देश पर सीएसपी ने जिला अस्पताल में बयान लिया। उसके बाद रामनगर थाना प्रभारी हरकत में आए और अध्यक्ष को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
महिला पार्षद व कर्मचारी भी पिटे
अध्यक्ष और उसके गुर्गों ने मर्यादा की सभी सीमाओं को लांघ दिया। वह महिलाओं पर हमला करने से भी नहीं चूका। घटनाक्रम में पार्षद सुमन पयासी व ममता द्विवेदी घायल हुई हैं। नपं के दो कर्मचारियों को भी चोट आई है। जनप्रतिनिधि अजय द्विवेदी व राजेंद्र वर्मा के साथ भी मारपीट हुई। इन्होंने थाने में शिकायत दी है।
मेडिकल कॉलेज रेफर
सीएमओ सोनी मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें सतना जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा यूनिट में शिफ्ट किया गया। रात करीब 8 बजे सोनी की स्थिति और बिगड़ गई। इसके बाद सतना के डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफर कर दिया। उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है।
रामनगर में तनाव की स्थिति
घटनाक्रम के बाद पूरे रामनगर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। माना जा रहा कि भविष्य में ये विवाद बढ़ेगा। राजनीतिक घटनाक्रम भी तेजी से बदलेंगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी फूंक-फूंककर कदम रख रही है। हालांकि पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
देर शाम पुलिस बल तैनात
सुरक्षा की दृष्टि से रामनगर में देरशाम पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एएसपी गौतम सोलंकी नेतृत्व में जिला मुख्यालय सहित एक दर्जन थानों का बल तैनात कर दिया गया। मैहर एसडीओपी हेमंत शर्मा, मैहर अनुभाग के सभी थानो प्रभारी को भी मौके पर भेजा गया है। वहीं मैहर, अमदरा, बदेरा, अमरपाटन, नादन, रामपुर, कोटर, ताला सहित अन्य थानों से एक सैकड़ा पुलिस बल रामनगर भेजा गया है।
अध्यक्ष का भ्रष्टाचार विवाद का कारण बना
नप अध्यक्ष का भ्रष्टाचार ही विवाद का कारण है। पीएम आवास में गड़बड़ी को लेकर नप अध्यक्ष के खिलाफ दो एफआइआर रामनगर थाने में दर्ज हो चुकी है। इओडब्लू भी नपं की गड़बडिय़ों की जांच कर रही। बताया जाता है कि वर्तमान सीएमओ देवरत्न सोनी नपं रामनगर में इंजीनियर रहे हैं। जब रामसुशील अध्यक्ष बने तो उन्होंने मनमानी खरीदी शुरू कर दी, सामग्रियों की गुणवत्ता भी सवालों में थी। इसके लिए वे चाहते थे कि इंजीनियर सोनी संबंधित फाइलों पर हस्ताक्षर कर दें लेकिन उन्होंने नहीं किया तो मस्टर कर्मचारियों से हस्ताक्षर कराकर फाइल पास कर दी गई। शिकायत हुई तो गड़बड़ी पाई गई। इसी तरह पीएम आवास में भी हुआ, जांच में गड़बड़ी मिली। लिहाजा, कलेक्टर के आदेश पर अध्यक्ष के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज हो गई। लगातार बदलते घटनाक्रम के बीच सीएमओ का प्रभार इंजीनियर सोनी को मिल गया। इसके बाद विवाद और भी गहरा गया।
ऐसे चला था शुक्रवार को घटनाक्रम
– सुबह 11 बजे- अध्यक्ष नपं कार्यालय पहुंचे।
– सुबह 11.15 बजे- कर्मचारियों से अभद्रता व डराने धमकाने का काम शुरू।
– दोपहर 12 बजे- सीएमओ देवरत्न सोनी नपं पहुंचे।
– दोपहर 12.30 बजे – अध्यक्ष ने गुर्गों को फोन किया।
– दोपहर 12.55 बजे- गुर्गें लाठी, डंडा, राड व तलवाल लेकर पहुंच गए।
– दोपहर 1 बजे – सीएमओ कक्ष में घुसकर मारपीट शुरू
– दोपहर 1.10 बजे – सीएमओ कक्ष से बाहर निकले में सफल हुए।
– दोपहर 1.15 बजे – गेट पर नपं कर्मचारियों व महिला पार्षद व जनप्रतिनिधियों से मारपीट
– दोपहर 1.30 बजे – सड़क पर सीएमओ को घेरकर पुन: पिटाई शुरू
– दोपहर 1.45 बजे – अध्यक्ष पहुंचा थाने, खुद के साथ मारपीट की शिकायत की।
– दोपहर 2.15 बजे – रामनगर पुलिस नपं कार्यालय पहुंची, थाना प्रभारी नहीं थे।
– दोपहर 2.30 बजे – घायल सीएमओ सतना पहुंचे, जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
– दोपहर 3 बजे – सीएसपी जिला अस्पताल बयान लेने पहुंचे।
– दोपहर 3.30 बजे- रामनगर पुलिस हरकत में आई, नप अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत ली।
– शाम 4 बजे- एफआइआर दर्ज करने के बाद अध्यक्ष को गिरफ्तार किया।
– शाम 5 बजे – पुलिस ने अध्यक्ष व गुर्गों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भे दिया गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो