9 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

satna: 22 का बीटीआई मा गमकिहैं बघेली व्यंजन

सुबह रंगाे का जादू तो शाम को ठहाकों की महफिल मैदानों में लंगड़ी दौड़ तो डोम में कवि सम्मेलन

3 min read
Google source verification
satna: 22 का बीटीआई मा गमकिहैं बघेली व्यंजन

चार दिन झूमेगा सतना, गाएगा सतना, खाएगा सतना

सतना। शहर में पहली बार 4 दिवसीय नगर गौरव दिवस मनाया जा रहा है। 25 जनवरी को मुख्य समारोह के साथ 22 से शहर के विभिन्न स्थानों में लगातार विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसमें आकर्षण का केन्द्र होगा बघेली व्यंजन प्रतियोगिता। इसमें बघेलखंड के भूले बिसरे व्यंजनों की प्रस्तुति की जाएगी। अब तक इसके लिये 79 महिला पुरुष ने अपने पंजीयन करा दिये हैं। अभी भी प्रतियोगिता के लिये पंजीयन खुले हुए हैं। इसके अलावा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, रंगोली प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता, वाद विवाद, गीत संगीत व नृत्य प्रतियोगिताएं शहर में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की जाएंगी। हर प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को नगद 5, 3 और 2 हजार रुपये से पुरस्कृत करने के साथ ही प्रशस्ति पत्र मुख्यमंत्री के हाथों दिया जाएगा।

22 को मन मोह लेंगी प्रतियोगिताएं

नगर गौरव दिवस की शुरुआत 22 जनवरी से होगी। शुरुआत प्लाग रन से होगी। इसमें शामिल सभी प्रतिभागी दौड़ में शामिल होंगे और इस दौरान अपने करीब दिखने वाले कचरे को उठाकर अपने बैग में रखते जाएंगे। स्वच्छता भरी शुरूआत के साथ फिर शुरू होंगे झंकृत करने वाली प्रतियोगिताएं और कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक बॉलीबाल का मैच होगा। इसी दौरान बलून दौड़, बैडमिंटन, शटल दौड़, कबड्डी, 100 मीटर दौड़, रस्साकसी, कुर्सी दौड़ का आयोजन होगा। सायंकालीन कार्यक्रम में सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक स्थानीय कलाकारों द्वारा गीत-संगीत (ऑर्केस्ट्रा) के रंगारंग कार्यक्रम होंगे।

दिखेगा जायके का जलवा

22 जनवरी को सबसे मजेदार कार्यक्रम लजीज व्यंजनों से जुड़ा होगा। इस प्रतियोगिता में दादी, नानी सहित युवा महिला पुरुष बघेली व्यंजनों की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान लोगों को जहां बघेली का प्रसिद्ध व्यंजन इंद्रहर का स्वाद मिलेगा तो रिकमज भी चखने को मिलेगी। इसके अलावा तमाम भूले बिसरे बघेली व्यंजनों की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही कॉन्टीनेंटल फूड भी यहां प्रतियोगिता में प्रस्तुत होंगे। जिसका व्यंजन सबसे लजीज और शानदार तरीके से परोसा जाएगा ऐसे प्रथम तीन विजेताओं को पुस्कृत किया जाएगा। इस संबंध में बताया गया कि प्रतियोगिता के पीछे की मुख्य वजह नई पीढ़ी को बघेलखंड के गौरवशाली और स्वादिस्ट पोषक व्यंजनों से रू-ब-रू कराना है। इससे लोग जान सकेंगे कि पंजाब के सरसों के साग से ज्यादा स्वादिस्ट बघेल खंड के व्यंजन है। प्रतियोगिता के निर्णाय मंडल मे मास्टर शेफ कैटेगरी के लोग शामिल किए गए हैं जो पाक कला में सिद्ध हस्त हैं।

23 को रंगो का जादू तो शाम को ठहाकों की महफिल

सतना गौरव दिवस अंतर्गत 23 जनवरी को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अमृत पार्क सतना में स्कूली छात्रों द्वारा पेंटिंग, रंगोली एवं पतंगबाजी प्रतियोगिता होगी तथा बीटीआई ग्राउंड में सायं 7 बजे से सायंकालीन कार्यक्रम में प्रसिद्ध संवाद लेखक एवं गीतकार मनोज मुंतशिर एवं स्टैंडअप कॉमेडियन रवीन्द्र जॉनी की प्रस्तुतियां होंगी।

24 को दिन में बौद्धिकता तो शाम को कवि सम्मेलन

24 जनवरी को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक टाउन हाल में सतना पर आधारित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता, स्वच्छ भारत मिशन आधारित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता, ‘सामाजिकता एवं सृजनात्मक’ पर सोशल मीडिया का प्रभाव विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, युवाओं की दृष्टि में ‘सतना का भविष्य’ संवाद, शहर के सबसे स्वच्छ शैक्षणिक संस्थान, सबसे स्वच्छ व्यावसायिक प्रतिष्ठान, सबसे स्वच्छ-सुंदक टैरिस/गॉर्डेन, सबसे स्वच्छ शासकीय कार्यालय, सबसे स्वच्छ खाली प्लॉट विषय पर प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसी प्रकार सायंकालीन कवि सम्मेलन कार्यक्रम सायं 7 बजे बीटीआई ग्रांउड में शुरु होगा। जिसमें पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा, पद्मश्री डॉ सुनील जोगी, दिनेश बावरा, शंशिकांत यादव, पद्मिनी शर्मा, मनवीर मधुर, अपूर्वा चतुर्वेदी एवं रोहित शर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

25 को जगमग होगा नगर

सतना गौरव महोत्सव अंतर्गत 25 जनवरी को बीटीआई ग्राउंड में गौरव दिवस के मुख्य अतिथि की उपस्थिति में कार्यक्रम एवं समरसता भोज आयोजित होगा। कार्यक्रम में सतना शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सतना शहर का नाम रोशन करने वाले स्थानीय विभूतियों, सतना शहर को बेहतर बनाने का संकल्प लेने वाले व्यक्तियों, संगठनों को सम्मानित किया जायेगी। गौरव दिवस पर नगर के घरों एवं प्रतिष्ठानों में नागरिकों द्वारा दीप जलाया जायेगा। सायंकालीन कार्यक्रम की श्रृंखला में फिल्मी जगत के सुप्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले अपने साथी कलाकारों के साथ सायं 7 बजे से बीटीआई ग्राउंड में प्रस्तुति देंगे।