सतना

सतना के 81 खिलाड़ी संभाग का करेंगे प्रतिनिधित्व

राज्य स्तरीय गुरुनानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल स्पर्धा
एक से सात फरवरी तक होंगी प्रतियोगिताएं, हर दिन दो से तीन घंटे की जा रही प्रैक्टिस

सतनाJan 21, 2020 / 12:39 pm

Jyoti Gupta

State level Gurunanak Devji Provincial Olympic Games 

सतना. एक फरवरी से टीटी नगर स्टेडियम भोपाल में राज्यस्तरीय गुरुनानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता शुरू होगी। हालही में इस खेल प्रतियोगिता की सूची भी जारी की गई। भोपाल, ग्वालियर, होशंगाबाद, मुरैना, उज्जैन, इंदौर, रीवा, शहडोल, सागर और जबलपुर संभाग से हजारों खिलाड़ी भाग लेने जा रहे हैं। रीवा संभाग के खिलाडिय़ों में सतना के 81 खिलाड़ी भी शामिल किए गए हैं जो रीवा संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में जीत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। लगभग १० खेलों के लिए अलग-अलग खिलाड़ी सिंगल और ग्रुप में दो से तीन घंटे की प्रैक्टिस कर रहे हैं।
इन दस खेलों में भाग लेंगे
डिस्ट्रिक कोच एसपी तिवारी ने बताया कि शहर के खिलाड़ी संभाग लेवल प्रतियोगिता में भाग लेकर इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं। कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, एथलेटिक, खो-खो, कुश्ती, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हॉकी, बास्केट बॉल जैसे दस खेलों में ८१ खिलाडि़यों का चयन किया गया है।

दो शिफ्ट में रवाना होंगे खिलाड़ी

प्रतियोगिता दो समूह में आयोजित की जाएगी। पहले समूह की प्रतियोगिता एक से तीन फरवरी को होगी। इसके अंतर्गत कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कुश्ती और बैडमिंटन का आयोजन किया जा रहा है। दूसरे समूह की प्रतियोगिता पांच से छह फरवरी के बीच होगी। इसके अंतर्गत खो-खो, हॉकी, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस का आयोजन होगा। रीवा संभाग की पहली टीम 30 जनवरी व दूसरी टीम 3 फरवरी को भोपाल के लिए रवाना होगी।

विजेता को एक लाख का पुरस्कार
प्रतियोगिता की खासियत यह है कि जो भी खिलाड़ी टीम विजेता बनेगी उसे सर्टिफिकेट तो मिलेगा ही साथ ही एक लाख का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। दूसरे विजेता को 75 हजार, तीसरे को 50 हजार, जबकि इंडीविजुअल खेल में पहला स्थान वाले को सात हजार, दूसरे को पांच हजार और तीसरे स्थान पर आने वाले खिलाड़ी को तीन हजार रुपए दिया जाएगा।

रीवा संभाग से शहर के 81 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं। इसके लिए सभी खिलाड़ी हर दिन जोरदार तैयारी कर रहे हैं।

मो. अहमद खान, जिला खेल अधिकारी

प्रतियोगिता शहर के खिलाडि़यों के लिए बेहद मायने रखती है। अच्छी बात यह है कि इस प्रतियोगिता के लिए 81 खिलाडि़यों का चयन हुआ है।
एसपी तिवारी, डिस्ट्रिक कोच
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.