scriptमहंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन | Strong protest of Mahila Congress against inflation | Patrika News

महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

locationसतनाPublished: Jul 16, 2021 03:14:07 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-सड़क किनारे लकड़ी के चूल्हे पर बनाया खाना

महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

सतना. पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में बेतहाशा वृद्धि ने यूं तो हर किसी को बेहाल कर दिया है। कोरोना काल में वैसे ही प्रायः सबका दिवाला निकला है, ऊपर से पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों में हुई वृद्धि ने आम आदमी की कमर ही तोड़ दी है। इस मुद्दे को कांग्रेस ने उठाया है और लगातार राष्ट्रीय स्तर पर धरना-प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में सतना महिला कांग्रेस भी सड़क पर उतरी। महिलाओं ने मूल्य वृद्धि के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही सड़क किनारे लकड़ी के चूल्हे पर खाना पका कर सरकार को यह दिखाने की कोशिश की कि उज्ज्वला योजना से मिलने वाला सिलेंडर भी अब लाभार्थियों की पहुंच से बाहर हो गया है। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रतीकात्मक पुतले को आग के हवाले भी किया।
दरअसल महिला कांग्रेस का यह प्रदर्शन न केवल पेट्रो पदार्थों के मूल्य वृद्धि के खिलाफ था बल्कि इसमें महंगाई का विरोध प्रमुख था। महिला कांग्रेस नेताओं का कहना था कि आज पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस तो महंगे हो ही गए हैं, डीजल का दाम बढ़ने से सारी खाद्य सामग्री भी महंगी हो गई है। सरसों का तेल भी पहुंच से बाहर होता जा रहा है। ऐसे में किचेन संभालना बेहद मुश्किल हो चला है।
धवारी चौराहे पर प्रदर्शन के बाद महिला कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महिलाओं ने बताया कि कोरोना महामारी की वजह से देश की जनता पहले ही आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रही है। चाहे वह व्यापारी हो, श्रमिक वर्ग हो या महिलाएं। ऐसी हृदय विदारक आपदा से देश की जनता अभी तक उबर नहीं पाई है। बावजूद इसके देश व प्रदेश की भाजपा सरकार निरंतर जनता को महंगाई, बेरोजगारी के बोझ तले दबाती चली जा रही है। महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष उर्मिला त्रिपाठी, ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों की जमकर आलोचना की।
इसके अलावा प्रदेश सचिव रवीन्द्र सिंह सेठी ने डीजल-पेट्रोल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।

महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष डाली चौरसिया ने आरोप लगाया कि सरकार के दिन- प्रतिदिन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जाने से बसों व आटो से चलना भी महंगा हो गया है। वाहन चालक भी इससे प्रभावित हैं। रसोई गैस, खाद्य तेल वगैरह की बढ़ती कीमतों से आम आदमी त्रस्त है। महंगाई से महिलाओं को खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। महिला कांग्रेस नेत्रियों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना का सिलिंडर देकर महिलाओं को अपमानित किया गया है। गैस सिलेंडरों के दामों में इस कदर वृद्धि कर दी गई है कि महिला लाभार्थी दूसरा सिलेंडर खरीद ही नहीं सकती। वह पुनः चूल्हे, लकड़ी, गोबर के कंडे में खाना बनाने को मजबूर हो गई हैं। खाद्य सामग्रियों के दाम बढाकर सरकार ने विशेष वर्ग को लूट खसोट की छूट दे रखी है।
विरोध प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस नेत्रियों में राजकुमारी, कुसुम, नीता, किरण, माधुरी श्रीवास्तव, धवारी ब्लाक अध्यक्ष साधना सिंह, संजू, चन्द्रवती, तसलीम हासमी, शांति, रंजना गुप्ता, कमला आदि प्रमुख रहीं।

ट्रेंडिंग वीडियो